मुजफ्फरनगर में पेड़ पर चढ़े तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम ने 11 घंटे तक अभियान चलाया। घंटों की मशक्कत के बाद विभागीय अधिकारी तेंदुए को पकड़ सके। जिसके बाद उसे पिंजरे में कैद कर शिवालिक पहाड़ियों के सुरक्षित वन में ले जाकर छोड़ा गया।
सोमवार को थाना सिखेड़ा क्षेत्र के गांव दाहखेड़ी के जंगल में एक तेंदुआ उतर आया। लोगों ने तेंदुए को जंगल में खुले घूमते देखा तो कुतूहल की स्थिति बन गई। जानकारी पर आसपास गांव के लोग भी तेंदुआ देखने के लिए पहुंचना शुरू हो गए। लोगों के शोर और एकत्र होती भीड़ को देखकर चीता घबरा गया और पॉपुलर के पेड़ पर चढ़ गया।
करीब 40 फीट ऊंची चोटी पर चढ़ गया तेंदुआ
धीरे-धीरे चीते को देखने वाले लोगों की भीड़ लगना शुरू हो गई। गांव दाह खेड़ी में जोली मार्ग पर एक किसान के खेत में खड़े पॉपुलर के पेड़ पर तेंदुआ घबराकर करीब 40 फीट ऊंची चोटी पर चढ गया। भीड़ एकत्र होने की सूचना मिली तो थाना सिखेड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वन विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी गई जिसके बाद एक टीम का गठन कर उसे पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
11 घंटे तक चला विशेष अभियान
डिप्टी रेंजर कुलदीप सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम ने 11 घंटे तक विशेष अभियान चलाकर सोमवार रात करीब 12:00 बजे तेंदुए को पकड़ लिया। तेंदुए को एक पिंजरे में कैद कर शिवालिक की पहाड़ियों में ले जाकर छोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिवालिक की पहाड़ियों में स्थित वन क्षेत्र तेंदुए के लिए सुरक्षित माना जाता है।