ओडिशा के बोलांगीर में पागल कुत्तों के हमले से राष्ट्रीय पैरा एथलीट समेत दो की मौत

ओडिशा के बोलांगीर जिले के तुशुरा थाना अंतर्गत चिनचेरा गांव में पागल कुत्ते के हमले से दो लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की स्थिति बनी हुई है। मृतकों में 33 वर्षीय जोगेंद्र छत्रिया, जो राष्ट्रीय स्तर के पैराऐथलीट थे, और 48 वर्षीय हृषिकेश राणा, जो एक किसान थे, शामिल हैं। दोनों की मौत शनिवार देर रात बुर्ला के विमसार मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में उपचार के दौरान हुई।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 23 जुलाई को हुई थी जब एक पागल कुत्ता अचानक गांव में प्रवेश कर गया और दिनभर अलग-अलग स्थानों पर छह ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। कुत्ता बिना किसी उकसावे के लोगों पर हमला कर रहा था, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। हमले में कुछ बच्चे भी घायल हुए, जो स्कूल जाते समय उस रास्ते से गुजर रहे थे।

घायलों का इलाज करीब 18 दिनों तक चला। छह घायल लोगों को पहले बोलांगीर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए बुर्ला रिफर किया गया। इलाज के बाद चार मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए, लेकिन जोगेंद्र छत्रिया और हृषिकेश राणा की स्थिति गंभीर बनी रही। डॉक्टरों की पूरी कोशिश के बावजूद शनिवार रात दोनों की मौत हो गई।

जोगेंद्र छत्रिया दिव्यांग थे, लेकिन उनकी मेहनत और हिम्मत से उन्होंने पैराऐथलेटिक्स में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई थी। वह अंतरराष्ट्रीय फ्लोरबॉल प्रतियोगिताओं में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके थे। उनकी मृत्यु से गांव और खेल समुदाय दोनों को गहरा आघात लगा है।

वहीं, हृषिकेश राणा गांव में एक दयालु और मिलनसार किसान के रूप में जाने जाते थे, जो हमेशा जरूरतमंदों की मदद करते थे। उनकी मौत से गांव में शोक की लहर है। घटना के बाद गांव के लोगों ने प्रशासन से आवारा और पागल कुत्तों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here