दीपावली-छठ पर बिहार से 155 स्पेशल बसें शुरू, दिल्ली समेत 5 राज्यों के लिए मिलेगी सुविधा

HIGHLIGHTS
- बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने 155 अंतरराज्यीय बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
- विशेष बसों का परिचालन पांच नवंबर से 20 नवंबर तक किया जाएगा।
- बसें दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के लिए चलेंगी।
पटना। दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए बिहार सरकार ने विशेष बस सेवा शुरू की है। गुरुवार को परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने फुलवारीशरीफ बस डिपो से 155 अंतरराज्यीय बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों के जरिए बिहार के अलग-अलग शहरों से दिल्ली समेत पांच राज्यों के लिए यात्रा की सुविधा मिलेगी।
परिवहन मंत्री ने बताया कि एक नवंबर से अब तक इन विशेष बसों के लिए 746 टिकटों की बुकिंग हो चुकी है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की त्योहारी बस सेवाओं की बुकिंग पर अब तक छह लाख रुपये का अनुदान दिया गया है। निगम की ओर से यात्रियों के लिए एसी, नॉन-एसी, सीटर और स्लीपर श्रेणी की बसें उपलब्ध कराई गई हैं। आने वाले दिनों में बसों की संख्या बढ़ाकर 200 करने की योजना है।
5 से 20 नवंबर तक चलेंगी विशेष बसें
मंत्री दामोदर रावत ने बताया कि विशेष अंतरराज्यीय बस सेवाओं का संचालन पांच नवंबर से 20 नवंबर तक किया जाएगा। इस दौरान पटना, मुजफ्फरपुर, गयाजी, पूर्णिया, दरभंगा और भागलपुर प्रमंडलों से दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के लिए बसें चलाई जाएंगी।
कुल 155 बसों में 32 बसें बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की हैं, जबकि 123 बसों का परिचालन पीपीपी मॉडल के तहत किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों में पानी और दही की व्यवस्था भी की गई है। यात्री निगम की आधिकारिक वेबसाइट https://bsrtc.bihar.gov.in पर जाकर टिकट बुक कर सकते हैं।
प्रकाश पर्व पर भी मिलेगी अंतरराज्यीय बसों की सुविधा
परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रकाश पर्व के अवसर पर भी बड़ी संख्या में विशेष अंतरराज्यीय बसें चलाई जाएंगी। इन बसों का परिचालन विभिन्न राज्यों के जिलों से बिहार के लिए किया जाएगा।
बसों को रवाना करने के मौके पर निगम के प्रशासक अतुल कुमार, राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन, निगम के अधिकारी और कर्मचारी, परिवहन एजेंसियों के प्रतिनिधि, यात्री समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
इन राज्यों के लिए चलाई जा रही हैं बसें
त्योहारी बस सेवा के तहत पांच राज्यों के लिए कुल 155 बसों का संचालन किया जा रहा है। राज्यवार बसों की संख्या इस प्रकार है:
| राज्य | बसों की संख्या |
|---|---|
| दिल्ली | 77 |
| हरियाणा | 60 |
| झारखंड | 12 |
| उत्तर प्रदेश | 03 |
| पश्चिम बंगाल | 03 |
दिल्ली के लिए इन शहरों से मिलेगी बस सेवा
दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए अररिया, भागलपुर, दरभंगा, गया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्णिया, शेखपुरा, सीतामढ़ी, सिवान, सुपौल, मोतिहारी और लखीसराय से बसों का परिचालन निर्धारित किया गया है।
हरियाणा के लिए निर्धारित किए गए रूट
हरियाणा जाने के लिए अररिया-गुरुग्राम, भागलपुर-अंबाला, दरभंगा-अंबाला, गया-अंबाला, गया-गुरुग्राम, पटना-अंबाला, पटना-गुरुग्राम, पटना-पानीपत, पूर्णिया-अंबाला और पूर्णिया-पानीपत समेत विभिन्न मार्गों पर बसें चलेंगी।
झारखंड के लिए इन मार्गों पर चलेंगी बसें
झारखंड के लिए आरा-धनबाद, आरा-रांची, पटना-गुमला, पूर्णिया-रांची, नवादा-रांची, गया-रांची, मुजफ्फरपुर-रांची, पटना-रांची और पटना-हजारीबाग समेत कई रूट निर्धारित किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश के लिए बसों के निर्धारित रूट
उत्तर प्रदेश के लिए किशनगंज-गाजियाबाद, लखनऊ-गया, पटना-गाजियाबाद, जटही-अयोध्या और गया-वाराणसी मार्ग पर बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
पश्चिम बंगाल के लिए इन शहरों से चलेंगी बसें
पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों के लिए बेगूसराय-कोलकाता, बेतिया-सिलीगुड़ी, छपरा-सिलीगुड़ी, फारबिसगंज-कोलकाता, गया-कोलकाता, गोपालगंज-सिलीगुड़ी, मोतिहारी-सिलीगुड़ी, पटना-कोलकाता, पूर्णिया-सिलीगुड़ी और दरभंगा-सिलीगुड़ी समेत विभिन्न मार्गों पर बसों का संचालन किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.