बिहार के 9 पुलिस अधिकारियों को मिला केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक, आशीष भारती और स्वीटी सहरावत भी शामिल

HIGHLIGHTS
- देशभर के कुल 490 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को वर्ष 2026 के लिए पदक मिला है।
- बिहार के सात पुलिस अधिकारियों और कर्मियों का चयन हुआ है।
- आशीष भारती को 72 घंटे में अपहृत व्यक्ति को सुरक्षित बरामद करने के मामले में सम्मानित किया गया।
पटना। बिहार पुलिस के एसपी आशीष भारती और स्वीटी सहरावत सहित सात पुलिस अधिकारियों को वर्ष 2026 के लिए 'केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक' से सम्मानित किया गया है। इनके अलावा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) पटना के डीएसपी अमित कुमार और बिहार की विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) के असिस्टेंट डायरेक्टर नीरज कुमार वार्ष्णेय को भी इस सम्मान के लिए चुना गया है।
इस तरह बिहार को कुल नौ पदक मिले हैं। यह सम्मान पुलिसिंग, अनुसंधान, खुफिया सेवाओं, अभियानों और फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मियों को दिया जाता है।
इस वर्ष बिहार सहित देश के अलग-अलग राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के कुल 490 कर्मियों को इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। हर साल 31 अक्टूबर को देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर इन पदकों की घोषणा की जाती है।
आशीष भारती को अपहरण मामले में बेहतर जांच के लिए सम्मान
आशीष भारती को वर्ष 2022 में रोहतास जिले में फिरौती के लिए हुए अपहरण के मामले की प्रभावी जांच के लिए पदक दिया गया है। उस समय वह जिले में एसपी के पद पर तैनात थे।
यह मामला सासाराम टाउन (दरिगांव) थाना कांड संख्या 183/22 से संबंधित है। इस केस में पुलिस ने अपहृत व्यक्ति को 72 घंटे के भीतर बिना फिरौती दिए सुरक्षित बरामद कर लिया था। फिलहाल आशीष भारती केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर CRPF में डीआईजी के पद पर कार्यरत हैं।
पाटलिपुत्र डबल मर्डर केस के खुलासे पर स्वीटी सहरावत को सम्मान
एसपी स्वीटी सहरावत और एएसपी दिनेश पांडेय को अक्टूबर 2024 में पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के नेहरूनगर में बुजुर्ग दंपती की हत्या के मामले का सफल खुलासा करने के लिए पदक मिला है।
घटना के समय स्वीटी सहरावत पटना मध्य की सिटी एसपी थीं। इस मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी कर हत्याकांड का खुलासा किया गया। इसके साथ ही समय पर ट्रायल पूरा कराकर दोषियों को सजा भी दिलाई गई। वर्तमान में स्वीटी सहरावत विशेष शाखा में तैनात हैं।
बंगाल के सीएम के पीए हत्याकांड की जांच में भूमिका के लिए अमित कुमार सम्मानित
CBI पटना की भ्रष्टाचार निरोधक इकाई (ACB) में डीएसपी अमित कुमार को भी केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए चुना गया है।
अमित कुमार सीबीआई से जुड़े कई जटिल और संवेदनशील आपराधिक मामलों की जांच में अहम भूमिका निभा चुके हैं। वह पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच के लिए गठित एसआईटी के सदस्य भी रहे हैं। इससे पहले उन्हें सराहनीय सेवा पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है।
इन अधिकारियों और कर्मियों को मिला दक्षता पदक
केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक पाने वालों में बिहार पुलिस के सात अधिकारी और कर्मी शामिल हैं। इनके नाम हैं:
एसपी स्वीटी सहरावत
एसपी आशीष भारती
एडिशनल एसपी दिनेश कुमार पांडेय
डीएसपी संतोष कुमार राय
इंस्पेक्टर राजकिशोर कुमार
इंस्पेक्टर धनंजय कुमार निर्दोष
दारोगा पंचम कुमार
इसके अलावा FSL के असिस्टेंट डायरेक्टर नीरज कुमार वार्ष्णेय और CBI पटना के डीएसपी अमित कुमार को भी यह सम्मान दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.