पंजाब पुलिस के 70 इंस्पेक्टर बने डीएसपी, सरकार ने जारी की पदोन्नति अधिसूचना

HIGHLIGHTS
- पदोन्नति का लाभ पाने वाले अधिकारियों को वेतन स्तर-18 में रखा गया है।
- विभागीय तरक्की कमेटी की 23 मई 2025 की सिफारिश के आधार पर यह फैसला लिया गया।
- पदोन्नति तत्काल प्रभाव से लागू होगी, लेकिन इसकी अवधि एक साल तय की गई है।
चंडीगढ़। पंजाब पुलिस में लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे इंस्पेक्टरों को सरकार ने राहत दी है। गृह मामलों एवं न्याय विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक जिला कैडर और आर्म्ड कैडर के कुल 70 इंस्पेक्टरों को पदोन्नत कर डीएसपी बनाया गया है।
पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों को पंजाब पुलिस सेवा के वेतन स्तर-18 में रखा गया है। इसमें 56,100 रुपये से 1,77,500 रुपये तक का वेतनमान निर्धारित है। सरकार ने यह फैसला विभागीय तरक्की कमेटी की 23 मई 2025 को हुई सिफारिशों के आधार पर लिया है।
अधिसूचना में कहा गया है कि संबंधित अधिकारियों को वरिष्ठता सूची में उनकी स्थिति और निर्धारित नियमों के अनुसार डीएसपी पद पर नियुक्त किया गया है।
जिला कैडर के 50 और आर्म्ड कैडर के 20 इंस्पेक्टर
पदोन्नति की सूची में जिला कैडर के 50 इंस्पेक्टर शामिल हैं। वहीं, आर्म्ड कैडर के 20 इंस्पेक्टरों को डीएसपी के पद पर पदोन्नत किया गया है। इनमें कई अधिकारी ऐसे हैं, जो लंबे समय से इंस्पेक्टर के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
सरकार के इस निर्णय से अधिकारियों को उच्च पद के साथ वेतनमान में भी बढ़ोतरी मिलेगी। हालांकि, अधिसूचना में पदोन्नति को लेकर एक महत्वपूर्ण शर्त भी रखी गई है। इसके अनुसार पदोन्नति का प्रभाव तत्काल लागू होगा, लेकिन यह पदोन्नति एक वर्ष की अवधि के लिए रहेगी।
डीएसपी स्तर पर अधिकारियों की कमी होगी दूर
पंजाब पुलिस में डीएसपी स्तर के अधिकारियों की भूमिका कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध की जांच और पुलिस प्रशासन से जुड़े कामों में अहम होती है। ऐसे में 70 इंस्पेक्टरों को डीएसपी बनाए जाने से विभाग को फील्ड स्तर पर अनुभवी अधिकारियों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
सरकार की ओर से यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जारी किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.