गया जी से बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान शुरू, CM सम्राट चौधरी ने दिखाई हरी झंडी

HIGHLIGHTS
- बोधगया समेत मगध क्षेत्र में विदेशी पर्यटकों की आवाजाही आसान होगी।
- होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और पर्यटन आधारित कारोबार को लाभ मिलने की संभावना है।
- राज्य सरकार पटना, दरभंगा, गया जी और पूर्णिया एयरपोर्ट के जरिए हवाई संपर्क बढ़ाने पर काम कर रही है।
बिहार में अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क को बढ़ावा देने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। अब गया जी से बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान सेवा उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इंडिगो एयरलाइंस की पहली नॉन-स्टॉप अंतरराष्ट्रीय उड़ान (6E 1083) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सेवा के शुरू होने से बिहार की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ मगध क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में लगातार विस्तार किया जा रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय संपर्क और बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की ज्ञान और करुणा की भूमि बिहार तथा थाईलैंड के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधों को भी इस नई सेवा से गति मिलेगी।
अर्थव्यवस्था, होटल और पर्यटन से जुड़े कारोबार को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि गया जी दुनिया भर के बौद्ध श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खास महत्व रखता है। बैंकॉक से सीधी उड़ान उपलब्ध होने से विदेश से आने वाले यात्रियों को सुविधा होगी। इसके साथ ही बोधगया समेत पूरे मगध क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को विस्तार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस सेवा से स्थानीय अर्थव्यवस्था के साथ होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और पर्यटन पर आधारित दूसरे कारोबारों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। बिहार की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए बेहतर हवाई संपर्क महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, पटना, दरभंगा, गया जी और पूर्णिया एयरपोर्ट के जरिए राज्य में हवाई संपर्क बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बिहार में नए अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर कनेक्टिविटी बढ़ाने की नीति पर भी काम हो रहा है। उन्होंने इस दिशा में इंडिगो एयरलाइंस से सहयोग की अपेक्षा जताई। बेहतर हवाई संपर्क से बिहार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए अवसरों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
सप्ताह में दो दिन चलेगी गया जी-बैंकॉक उड़ान
गया जी और बैंकॉक के बीच शुरू हुई यह सीधी उड़ान सेवा सप्ताह में दो दिन संचालित की जाएगी। इस पहल को बिहार को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत बनाने तथा राज्य के विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.