आगरा कैंट पर चलती साबरमती एक्सप्रेस में फंसा यात्री, GRP जवानों ने खींचकर बचाई जान

HIGHLIGHTS
- यात्री की सीट साबरमती एक्सप्रेस के स्लीपर कोच B-1 में थी
- देरी से स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन रवाना हो गई
- हादसे के दौरान यात्री का पैर पायदान और प्लेटफार्म के बीच फंस गया
आगरा। कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर मंगलवार रात बड़ा हादसा होने से टल गया। चलती साबरमती एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक यात्री का पैर फिसल गया। यात्री ने कोच का हैंडल नहीं छोड़ा और करीब 200 मीटर तक ट्रेन के साथ घिसटता रहा।
ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंसे यात्री को जीआरपी के जवानों ने बचा लिया। प्राथमिक उपचार के बाद यात्री को घर जाने दिया गया। मुकेश कुमार को मंगलवार रात आगरा से गांधीग्राम जाना था और साबरमती एक्सप्रेस के स्लीपर कोच बी-1 में उनकी सीट बुक थी।
रात करीब साढ़े नौ बजे मुकेश कुछ देरी से स्टेशन पहुंचे। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर पांच पर खड़ी साबरमती एक्सप्रेस रवाना हो गई। उन्होंने कोच का हैंडल पकड़कर ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह गिर गए और उनका पैर प्लेटफार्म और कोच के पायदान के बीच फंस गया।
मुकेश इसी हालत में करीब 200 मीटर तक घिसटते चले गए। उन्हें प्लेटफार्म पर घिसटता देख जीआरपी टीम के एसआइ अंकुज धामा, कांस्टेबल लवकुश, सत्येंद्र, रामपाल और अरविंद ने दौड़ लगा दी। जीआरपी जवानों ने यात्री का पैर पकड़कर उसे खींच लिया और उसकी जान बचा ली।
जीआरपी कैंट इंस्पेक्टर संदीप तोमर ने बताया कि टीम की त्वरित और साहसिक कार्रवाई से यात्री मुकेश की जान बच गई। अगर कुछ सेकेंड की और देरी हो जाती तो मुकेश की जान जा सकती थी। अच्छा काम करने वाली टीम को सम्मानित किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.