सहारनपुर मस्जिद मामले पर अखिलेश का भाजपा पर हमला, बोले- सच्चा हिंदू कभी अपमान नहीं करता

HIGHLIGHTS
- कार्यक्रम में शिक्षकों की भूमिका को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।
- अखिलेश यादव ने प्रदेश में बंद हुए प्राइमरी स्कूलों का मुद्दा उठाया।
- उन्होंने शिक्षकों को पढ़ाने के अलावा अन्य जिम्मेदारियों से मुक्त रखने की बात कही।
लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एंड कॉलेजेस में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शिक्षकों को समाज और आने वाली पीढ़ी का मार्गदर्शक बताया। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में करीब 26 हजार प्राइमरी स्कूल बंद हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर इन स्कूलों को दोबारा खोला जाएगा।
वहीं, सहारनपुर में अवैध मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग दूसरों की आस्था का सम्मान नहीं करते, वे सच्चे सनातनी कैसे हो सकते हैं। सच्चा हिंदू कभी किसी दूसरे का अपमान नहीं करता।
अखिलेश बोले- दूसरों की आस्था का सम्मान करना ही सच्चे सनातन की पहचान
सहारनपुर में अवैध मस्जिद के ध्वस्तीकरण के मुद्दे पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग दूसरे धर्मों का सम्मान नहीं करते, उन्हें सच्चा सनातनी नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि किसी की आस्था से खिलवाड़ करना सनातन धर्म की भावना के खिलाफ है। अखिलेश ने कहा कि सच्चा हिंदू कभी दूसरों का अपमान नहीं करता। उन्होंने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि सनातन धर्म पूरी धरती और समाज को एक परिवार के रूप में देखने की सीख देता है।
राम मंदिर चंदे को लेकर अखिलेश ने भाजपा पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर चंदे के मुद्दे पर भाजपा पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘राम धन’ का गबन करने वाले अब परेशान हैं और इसे सांप्रदायिक मुद्दा बनाने का रास्ता खोज रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि भाजपा पहले अपनी धर्मनिरपेक्ष छवि दिखाने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों को भी साथ लेकर चलती थी।
अखिलेश ने भाजपा के पुराने राजनीतिक दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि जब पार्टी के पहले अध्यक्ष की नियुक्ति हुई थी, उस समय उसके चंदे में मुस्लिम समाज की भी बड़ी हिस्सेदारी थी। उन्होंने दावा किया कि उस दौर में पार्टी ने अपनी धर्मनिरपेक्ष छवि स्थापित करने के लिए एक मुस्लिम व्यक्ति को अध्यक्ष का प्रस्तावक भी बनाया था।
लखनऊ की ‘लाल बिल्डिंग’ का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि इसे लेकर पहले से भ्रष्टाचार की चर्चाएं होती रही हैं। उन्होंने कहा कि लोग दावा करते थे कि पार्किंग से मिलने वाली रकम ही इमारत की लागत से अधिक हो जाएगी।
अखिलेश ने संबंधित अधिकारियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन अधिकारियों की पहले गोरखपुर में तैनाती रही है और वे वहीं की कथित अनियमित कार्यशैली को लखनऊ लेकर आए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए इसे ‘गोरखधंधा’ करार दिया।
शिक्षक ही तैयार करते हैं बच्चों का भविष्य
अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने के साथ आने वाली पीढ़ी को संभालने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे शिक्षक ही हमारे रक्षक हैं और वही बच्चों का भविष्य बनाते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शिक्षकों को पढ़ाने के अलावा कोई अन्य काम नहीं सौंपा जाएगा, जिससे वे पूरी तरह शिक्षा के कार्य पर ध्यान दे सकें।
उन्होंने आरोप लगाया कि जर्जर स्कूल की फोटो या वीडियो बनाने पर मुकदमा दर्ज कर दिया जाता है। अखिलेश ने कहा कि अंग्रेजों ने भी कभी शिक्षा पर मुकदमा दर्ज नहीं किया था, लेकिन आज ऐसा किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों को पढ़ाई के अलावा अन्य कार्यों में लगाए जाने पर भी सवाल उठाया।
लैपटॉप से बच्चों को आगे बढ़ने का मिला मौका
अखिलेश यादव ने सपा सरकार के समय विद्यार्थियों को बांटे गए लैपटॉप का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज भी बच्चे बताते हैं कि लैपटॉप ने उनकी पढ़ाई में मदद की। उनके अनुसार, लैपटॉप मिलने से बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि संघ से जुड़े लोग सभी को एक ही रंग में रंगना चाहते हैं। अखिलेश ने शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में पिछली सपा सरकार के फैसलों का भी उल्लेख किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.