मिर्जापुर में ब्लास्टिंग के कंपन से ढहा स्ट्रक्चर, ताश खेल रहे 4 मजदूर दबे; हालत गंभीर

HIGHLIGHTS
- क्रशर प्लांट में दोपहर एक से डेढ़ बजे के बीच पत्थर तोड़ने के लिए ब्लास्टिंग की गई थी।
- बारिश का पानी नींव में जाने से स्ट्रक्चर कमजोर हो गया था।
- हादसे के बाद चारों मजदूरों को जेसीबी की मदद से मलबे से बाहर निकाला गया।
मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र स्थित भगवती देई पहाड़ी पर शनिवार दोपहर क्रशर प्लांट में ब्लास्टिंग के कंपन से एक स्ट्रक्चर अचानक धराशाई हो गया। इस हादसे के दौरान वहां ताश खेल रहे चार मजदूर मलबे में दब गए। जेसीबी की मदद से चारों को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मलबे से निकाले गए चारों लोगों की मौत हो गई थी। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं की गई है। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
एएसपी ऑपरेशन राजकुमार मीणा ने बताया कि भगवती देवी में क्रेशर प्लांट है, जहां रोजाना ब्लास्टिंग होती है। दोपहर एक से डेढ़ बजे के बीच पत्थर तोड़ने के लिए ब्लास्ट किया जाता है। शनिवार को भी इसी समय ब्लास्टिंग की गई थी। वहां एक स्ट्रक्चर बना हुआ था, जिसकी नींव में बारिश का पानी जाने के कारण वह कमजोर हो गया था।
ब्लास्टिंग के कंपन से कमजोर स्ट्रक्चर धराशाई हो गया और पास में ताश खेल रहे चार मजदूर इसकी चपेट में आ गए। सभी को बाहर निकालकर ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा गया है। एएसपी ऑपरेशन के मुताबिक, अभी किसी की मौत नहीं हुई है, लेकिन चारों मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। मौके पर जाकर जांच पड़ताल की जा रही है।
चारों मजदूर सोनभद्र जिले के जुगैल थाना क्षेत्र के बाद गांव के रहने वाले हैं।
ये हुए हादसे का शिकार
शोक गोंड, लालबहादुर बैगा, दुर्योधन विश्वकर्मा और राकेश गोंड हादसे का शिकार हुए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.