दुष्कर्म केस में DNA जांच के लिए सहारनपुर पहुंची उत्तराखंड पुलिस, 6 घंटे तलाश के बाद भी नहीं मिला बच्ची का शव
By Hitesh — August 25, 2026

HIGHLIGHTS
- सड़क दूधली स्थित कब्रिस्तान में हुई खुदाई
- डीएनए सैंपल के लिए बच्ची के शव की तलाश
- परिजनों द्वारा बताई गई कब्र में शव नहीं मिला
Author: — Dainik Dehat
सहारनपुर: नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले की जांच के सिलसिले में मंगलवार को उत्तराखंड पुलिस सहारनपुर पहुंची। करीब एक साल बाद थाना जनकपुरी क्षेत्र के गांव सड़क दूधली में गैस गोदाम स्थित कब्रिस्तान में छह माह की बच्ची के शव की डीएनए जांच के लिए तलाश की गई। कब्र खोदने के बावजूद छह घंटे की मशक्कत के बाद भी बच्ची का शव नहीं मिला। इसके बाद पुलिस टीम वापस लौट गई।
मामला थाना जनकपुरी क्षेत्र के सड़क दूधली निवासी अनस से जुड़ा है। आरोप है कि उसने उत्तराखंड के मंगलौर क्षेत्र की रहने वाली किशोरी को बहला-फुसलाकर सहारनपुर लाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में परिजन किशोरी को अपने साथ ले गए थे। परिजनों के अनुसार, कुछ समय बाद किशोरी फिर युवक के पास पहुंच गई और दोनों ने निकाह कर लिया। दिसंबर 2025 में अनस ने किशोरी को तलाक दे दिया।
इसी दौरान दोनों की एक बच्ची हुई, जिसकी कुछ दिन बाद ही मौत हो गई। किशोरी के परिजनों की शिकायत पर मंगलौर पुलिस ने अनस के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। करीब चार माह पहले पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था। पुलिस इस मामले में चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है।
अब विवेचना के दौरान अतिरिक्त वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस डॉक्टरों की टीम के साथ बच्ची का डीएनए सैंपल लेने सहारनपुर पहुंची थी। इसका उद्देश्य यह पता लगाना था कि बच्ची इन दोनों की संतान थी या नहीं। इस कार्रवाई में स्थानीय सदर तहसील टीम और जनकपुरी पुलिस ने भी सहयोग किया।
पुलिस के पहुंचने की जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने कब्रिस्तान में परिजनों द्वारा बताई गई कब्र की खुदाई कराई, लेकिन उसमें बच्ची का शव नहीं मिला। इसके बाद पास की दूसरी कब्र भी खोदी गई, लेकिन वहां भी बच्ची का शव नहीं मिला। शव नहीं मिलने के कारण मंगलौर पुलिस बिना डीएनए सैंपल लिए ही वापस लौट गई।
ये बोले सीओ
सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव ने बताया कि मंगलौर पुलिस सड़क दूधली स्थित कब्रिस्तान में बच्ची के शव का डीएनए सैंपल लेने पहुंची थी। इस दौरान सदर तहसील टीम और जनकपुरी पुलिस भी मौजूद थी। देर शाम तक कब्र में बच्ची का शव नहीं मिला था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.