दिल्ली से गुरुग्राम तक बारिश का कहर, जलमग्न हुई सड़कें और थमी ट्रैफिक की रफ्तार

HIGHLIGHTS
- इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के फ्लाईओवर पर पानी भरने से वाहनों की रफ्तार धीमी हुई।
- गुरुग्राम की सेक्टर 22 बाजार रोड और सोहना रोड पर गंभीर जलभराव रहा।
- सीएम रेखा गुप्ता ने पूर्वी दिल्ली के जलभराव वाले इलाकों का औचक निरीक्षण किया।
राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित रहा। कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई और यातायात भी प्रभावित हुआ। इसका सबसे ज्यादा असर गुरुग्राम में देखने को मिला। जलभराव और जाम के कारण स्थानीय लोगों के साथ राहगीरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दिल्ली-एनसीआर में जलभराव, थमी वाहनों की रफ्तार
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के फ्लाईओवर पर पानी भर गया। इसके कारण वहां से गुजरने वाले वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। गुरुग्राम में तेज बारिश के बाद कई सड़कों पर जलभराव देखने को मिला। सेक्टर 22 बाजार रोड पर पानी भरने की स्थिति गंभीर रही। वहीं सोहना रोड पर भी काफी जलभराव हुआ। थर्टी-सेकंड एवेन्यू रोड के पास भी पानी जमा हो गया। सड़कों पर पानी भरने से इन इलाकों में यातायात की गति प्रभावित रही। कई वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से ज्यादा समय लगा।
बारिश के बाद सीएम रेखा ने किया औचक निरीक्षण
पीटीआई के अनुसार, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को भारी बारिश के बाद शहर में जलभराव वाले इलाकों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पूर्वी दिल्ली में सद्भावना पार्क के आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा की और बारिश के कारण पैदा हुई समस्याओं का जायजा लिया।
सीएम रेखा ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जलभराव वाले इलाकों में तत्काल पंप लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने जरूरत के मुताबिक अन्य संसाधनों की तैनाती करने को कहा। इसका मकसद जमा पानी को जल्द से जल्द निकालना था। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई।
गुप्ता ने मानसून के दौरान जल निकासी व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने संबंधित सभी विभागों को पूरी तैयारी के साथ काम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण दिल्ली के लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभागों को तत्परता और आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।
गाजियाबाद में बारिश के बाद यात्री परेशान
गाजियाबाद में शनिवार को हुई बारिश के बाद लाल कुआं से गाजियाबाद की तरफ आने वाले मुख्य मार्ग पर जलभराव हो गया। पानी भरने के कारण मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। वहीं, बम्हेटा गांव को बुलंदशहर औद्योगिक क्षेत्र से जोड़ने वाले अंडरपास में भी पानी भर गया।
अलर्ट मोड में रही यातायात पुलिस
शनिवार को बारिश के दौरान शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस अलर्ट मोड में रही। पुलिस अधिकारी और कर्मचारी प्रमुख चौराहों के साथ जलभराव की आशंका वाले संवेदनशील स्थानों पर भी तैनात रहे। जलभराव और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए और विशेष निगरानी रखी, ताकि ज्यादा बारिश होने की स्थिति में जाम की समस्या न बढ़े।
गुरुग्राम के सेक्टर चार में जलभराव, शव ले जा रही एंबुलेंस फंसी
शनिवार की बारिश के बाद गुरुग्राम के सेक्टर चार में गंभीर जलभराव हो गया। इस दौरान शव लेकर जा रही एक एंबुलेंस पानी में फंस गई। इससे चालक और एंबुलेंस में मौजूद लोग चिंतित हो गए। चालक को आशंका थी कि अगर एंबुलेंस बंद हो गई तो परेशानी और बढ़ सकती है।
सेक्टर चार के लोग लंबे समय से जलभराव की समस्या का सामना कर रहे हैं। हल्की बारिश के बाद भी यह इलाका पानी में डूब जाता है। कभी गुरुग्राम का यह क्षेत्र सबसे पॉश इलाकों में गिना जाता था। हुडा ने गुरुग्राम में पहला सेक्टर काटने का प्रयोग भी इसी इलाके में किया था। जलभराव की समस्या के चलते स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है।
फरीदाबाद में आधे घंटे की बारिश में जलभराव
फरीदाबाद में 60 फीट रोड से चाचा चौक तक सड़क पर पानी भर गया। इसके अलावा बल्लभगढ़ बस डिपो के बाहर भी बारिश का पानी जमा हो गया। जलभराव के कारण लोगों की दिनचर्या और आवागमन पर बुरा असर पड़ा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.