इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का झांसा और फिर बंधक बनाने का आरोप; मुजफ्फरनगर में नाबालिग से रेप

HIGHLIGHTS
- किशोरी को 22 सितंबर को कासगंज से मुजफ्फरनगर बुलाने का आरोप है।
- आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे बुलाया था।
- किशोरी से जेवर और नकदी साथ लाने को कहा गया था।
मुजफ्फरनगर में एक नाबालिग किशोरी को बंधक बनाकर तीन दिन तक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती करने के बाद 16 वर्षीय किशोरी को कासगंज से मुजफ्फरनगर बुलाया था। यहां उसे अपने दोस्त के घर पर बंधक बनाकर रखा गया।
शुक्रवार रात आरोपी किशोरी को अपने दो दोस्तों के साथ कार से ऋषिकेश ले जाने की तैयारी में थे। किशोरी ने आरोपियों को आपस में बातचीत करते सुन लिया, जिसके बाद उसे अपनी जान का खतरा महसूस हुआ। घर से बाहर निकलते ही उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर लोगों के जुटने पर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने किशोरी के बयान दर्ज किए हैं और उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है। उसके परिजनों को भी मामले की जानकारी दे दी गई है। मामला खालापार थाना क्षेत्र का है।
इंस्टाग्राम पर हुई थी युवक से दोस्ती
कासगंज की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी की करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए कृष्णापुरी निवासी रुद्र वर्मा (19) से दोस्ती हुई थी। बातचीत के दौरान युवक ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और दोनों फोन पर भी बात करने लगे।
आरोप है कि युवक ने किशोरी को शादी का झांसा देकर मिलने के लिए मुजफ्फरनगर बुलाया। उसने किशोरी से घर में रखे जेवर और नकदी भी साथ लाने के लिए कहा। 22 सितंबर को किशोरी घर से जेवर और नकदी लेकर मुजफ्फरनगर पहुंची।
आरोप है कि रुद्र उसे प्रेमपुरी में अपने दोस्त वीर के घर ले गया, जहां उसका सामान ले लिया गया। इसके बाद किशोरी को तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि उसका फोन भी छीन लिया गया और सिम कार्ड तोड़कर फेंक दिया गया।
बाहर निकलते ही किशोरी ने मचाया शोर
शुक्रवार देर रात रुद्र अपने दो दोस्तों दानिश (19) और वीर (18) के साथ किशोरी को लेकर दूसरी जगह जाने लगा। आरोप है कि रुद्र ने दोस्तों से उसे ऋषिकेश ले जाने की बात कही थी। किशोरी ने उनकी बातचीत सुन ली और उसे अपनी जान को लेकर आशंका हुई।
जब आरोपी किशोरी को लेकर बाहर निकले और उसे आसपास लोग दिखाई दिए तो उसने शोर मचा दिया। लोगों की भीड़ जुटने पर तीनों आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए।
मौके पर समाजसेवी शालू सैनी और नीशू भी पहुंचीं। उन्होंने किशोरी को अपनी सुरक्षा में लिया और कृष्णापुरी स्थित एक आश्रम ले गईं। शुक्रवार देर रात करीब एक बजे दरोगा मनोज शर्मा ने किशोरी के बयान दर्ज किए और उसके परिजनों को सूचना दी।
किशोरी ने समाजसेवियों को बताई पूरी बात
शालू सैनी के अनुसार, कुछ लड़के एक लड़की को जबरदस्ती लेकर जा रहे थे और वह चिल्ला रही थी। मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने किशोरी को बैठाया और उसे शांत कराया। बातचीत में किशोरी ने बताया कि वह कासगंज की रहने वाली है।
किशोरी ने बताया कि करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी एक युवक से बातचीत शुरू हुई थी। दोनों एक साल से संपर्क में थे और युवक उससे मिलने कासगंज भी आता था।
शादी का झांसा देकर बुलाने का आरोप
किशोरी के अनुसार, घटना से करीब चार दिन पहले युवक ने उससे शादी करने और साथ रहने की बात कही थी। उसने घर में रखे सोने के गहने और नकदी साथ लाने के लिए कहा। युवक की बातों में आकर किशोरी घर से कुछ जेवर और नकदी लेकर उसके पास पहुंच गई।
आरोप है कि युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे प्रेमपुरी में तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने बताया कि उसका कैश, जेवर और फोन भी ले लिया गया था।
किशोरी के मुताबिक, बाद में उसे एहसास हुआ कि आरोपी उससे शादी करने का इरादा नहीं रखता। उसने आरोपी को अपने दोस्त से ऋषिकेश ले जाने की बात करते सुना। इसके बाद उसे अपनी जान का डर हुआ और शुक्रवार रात जब आरोपी उसे जबरन लेकर जा रहे थे, तभी उसने शोर मचा दिया।
दरोगा मनोज शर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। किशोरी को फिलहाल वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। साथ ही कासगंज पुलिस से संपर्क किया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मामले से संबंधित कोई मुकदमा वहां दर्ज है या नहीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.