अनुप्रिया पटेल फिर बनीं अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष, यूपी में नंबर-1 बनने का लक्ष्य

HIGHLIGHTS
- लखनऊ के कैसरबाग स्थित गांधी सभागार में पार्टी का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित हुआ।
- सम्मेलन में देशभर से पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
- अनुप्रिया पटेल ने विपक्ष के मॉक पार्लियामेंट प्रदर्शन पर सवाल उठाए।
लखनऊ। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल को एक बार फिर अपना दल (सोनेलाल) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। सोमवार को लखनऊ के कैसरबाग स्थित गांधी सभागार में पार्टी का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने की। इसमें देशभर से पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस दौरान अनुप्रिया पटेल ने विपक्ष के मॉक पार्लियामेंट प्रदर्शन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मॉक पार्लियामेंट का आयोजन कर लोकतंत्र का मजाक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर वर्ग के लिए लगातार काम कर रही है और सरकार ने PDA के लिए भी कई काम किए हैं। हालांकि, समाजवादी पार्टी और अन्य दलों को ये काम दिखाई नहीं दे रहे हैं, जबकि जनता ने सरकार के कार्यों की सराहना की है।
पार्टी की कमान दोबारा सौंपे जाने के बाद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अनुप्रिया पटेल का स्वागत किया। इस मौके पर उन्हें मुकुट पहनाया गया और तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी को हर सीट पर अपनी तैयारी पूरी करनी है। NDA में जितनी सीटें मिलेंगी, पार्टी उन सभी पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी।
यूपी में मिली हर सीट जीतने का लक्ष्य
राष्ट्रीय सम्मेलन में सर्वसम्मति से दोबारा पार्टी अध्यक्ष चुने जाने के बाद अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अपना दल (एस) उत्तर प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। अब पार्टी का लक्ष्य आने वाले समय में प्रदेश की नंबर-1 राजनीतिक पार्टी बनना है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी को 100 प्रतिशत स्ट्राइक रेट हासिल करने का लक्ष्य रखना है। NDA के सहयोगी दल के तौर पर जितनी भी सीटें मिलें, उन सभी पर जीत दर्ज करनी होगी।
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि विधानसभा चुनाव की चुनौती सामने है और पार्टी को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। इस बार चुनाव में सौ प्रतिशत स्ट्राइक रेट हासिल करने का लक्ष्य तय किया गया है और इसे हर हाल में पूरा करना है।
उन्होंने कहा कि पार्टी को उत्तर प्रदेश में केवल 13 विधायक या एक सांसद तक सीमित नहीं रहना है। मिर्जापुर से सांसद अनुप्रिया पटेल ने लोकतंत्र में संख्या बल के महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी को अब प्रदेश की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत के रूप में उभरना है।
हर बूथ पर संगठन मजबूत करने की अपील
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण है और उन्होंने अपना पूरा जीवन पार्टी संगठन को समर्पित किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं और उत्तर प्रदेश के हर बूथ पर पार्टी को मजबूत करें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.