पटना में हथियारबंद बदमाशों का तांडव, घर में घुसकर करीब एक करोड़ की डकैती

HIGHLIGHTS
- घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
- एफएसएल टीम को घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है।
- परिजनों ने वारदात में कुछ स्थानीय लोगों की मिलीभगत की आशंका जताई है।
पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल के एनटीपीसी थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीपुर गांव में हथियारबंद बदमाशों ने दिवंगत व्यवसायी धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ भानू बाबू की पत्नी को बंधक बनाकर घर में डकैती की। परिजनों के मुताबिक, बदमाश घर से करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, बदमाश देर रात करीब 11 बजे घर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद कमांडेंट की मां को बंधक बना लिया। अपराधी करीब दो घंटे तक घर में बेखौफ होकर सामान खंगालते रहे। इस दौरान उन्होंने सोने-चांदी के कीमती आभूषण और बड़ी मात्रा में नकदी अपने कब्जे में ले ली। रात करीब एक बजे बदमाश मौके से फरार हो गए। परिजनों का दावा है कि चोरी किए गए जेवरात और नकदी की कुल कीमत करीब एक करोड़ रुपये है।
बदमाशों के बंधक बनाए जाने के बाद बुजुर्ग महिला काफी डर गईं और उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें तत्काल स्थानीय अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया।
झोपड़ी में पहले भी संदिग्ध तरीके से लगी थी आग
डकैती की सूचना मिलते ही एनटीपीसी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है।
परिजनों ने इस वारदात में कुछ स्थानीय लोगों की मिलीभगत की आशंका जताई है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले भी उनके ईंट-भट्ठे की एक झोपड़ी में संदिग्ध परिस्थिति में आग लगा दी गई थी।
दिवंगत धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ भानू बाबू बाढ़ क्षेत्र के जाने-माने व्यवसायी थे। उनका ईंट-भट्ठा और पेट्रोल पंप समेत कई तरह का कारोबार था। उनका इकलौता बेटा कमांडेंट के पद पर तैनात है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.