भोपाल में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के सभी मैच फ्री, दर्शकों का नहीं लगेगा टिकट

HIGHLIGHTS
- भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक होगी महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026।
- हॉकी इंडिया ने सभी मुकाबलों के लिए मुफ्त प्रवेश की घोषणा की।
- Ticketgenie की वेबसाइट और मोबाइल ऐप से मिलेंगे फ्री एंट्री पास।
भोपाल में होने वाली महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के लिए हॉकी प्रेमियों को खास सौगात मिली है। हॉकी इंडिया ने टूर्नामेंट के सभी मैचों में दर्शकों को मुफ्त प्रवेश देने का फैसला किया है। यह प्रतियोगिता 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होगी।
टूर्नामेंट के नौवें संस्करण में भारत सहित एशिया की छह टीमें खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरेंगी। प्रतियोगिता के दौरान कुल 20 मुकाबले खेले जाएंगे। लीग चरण के मैच 19 से 25 नवंबर तक आयोजित होंगे। इसके बाद 27 नवंबर को सेमीफाइनल मुकाबले होंगे, जबकि 28 नवंबर को फाइनल के साथ पदक के लिए मैच खेले जाएंगे।
ऑनलाइन मिलेंगे मुफ्त एंट्री पास
हॉकी इंडिया के अनुसार, दर्शक Ticketgenie की वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए निशुल्क प्रवेश पास प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद अपनी पसंद के मैच का चयन करके डिजिटल एंट्री पास हासिल किया जा सकेगा।
डिजिटल पास में क्यूआर कोड उपलब्ध होगा। स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर इसे स्कैन करने के बाद दर्शकों को अंदर जाने की अनुमति मिलेगी। हॉकी इंडिया का कहना है कि इस पहल के पीछे अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने और खेल के प्रति दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ाने का उद्देश्य है।
हॉकी इंडिया अध्यक्ष ने फैसले पर जताई खुशी
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि मुफ्त प्रवेश की सुविधा भोपाल के लोगों को अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी से जुड़ने का अच्छा अवसर देगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रतियोगिता में परिवारों, युवा खिलाड़ियों और हॉकी के प्रशंसकों की बड़ी भागीदारी रहेगी।
वहीं, हॉकी इंडिया के महासचिव और एशियन हॉकी फेडरेशन के उपाध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने भी इस फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सभी मुकाबलों में दर्शकों को बिना किसी प्रवेश शुल्क के आने की सुविधा देने का मकसद अधिक से अधिक लोगों को स्टेडियम तक पहुंचाना है। उन्हें उम्मीद है कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान स्टेडियम दर्शकों से भरा रहेगा।
19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ अभियान शुरू करेगी भारतीय टीम
भारतीय महिला हॉकी टीम टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 21 नवंबर को उसका सामना दक्षिण कोरिया और 22 नवंबर को थाईलैंड से होगा।
भारतीय टीम 24 नवंबर को चीन के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। वहीं, लीग चरण का आखिरी मुकाबला 25 नवंबर को जापान के साथ होगा। घरेलू मैदान पर होने वाली यह प्रतियोगिता भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए एशिया की मजबूत टीमों के सामने अपनी क्षमता दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर होगी। साथ ही, मुफ्त प्रवेश की व्यवस्था से भोपाल में महिला हॉकी को लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ने की उम्मीद है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.