ISSF विश्व चैंपियनशिप में विवान कपूर ने जीता रजत, लॉस एंजिलिस ओलंपिक का कोटा भी किया हासिल

HIGHLIGHTS
- विवान कपूर ने ISSF विश्व चैंपियनशिप की पुरुष ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक जीता।
- जयपुर के 24 वर्षीय निशानेबाज शूट-ऑफ में स्वर्ण पदक जीतने से चूक गए।
- कुवैत के अब्दुलरहमान अलफैहान ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भारत के निशानेबाज विवान कपूर गुरुवार को ISSF विश्व चैंपियनशिप की पुरुष ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने से मामूली अंतर से चूक गए। उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। हालांकि, इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने 2028 में होने वाले लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए भारत का एक कोटा स्थान भी हासिल कर लिया।
शूट-ऑफ में कैसे चूके विवान का स्वर्ण?
जयपुर के 24 वर्षीय निशानेबाज विवान कपूर बेहतरीन लय में नजर आ रहे थे। उनके प्रदर्शन को देखते हुए उम्मीद थी कि वह पुरुष ट्रैप स्पर्धा में विश्व चैंपियन बनने वाले दूसरे भारतीय निशानेबाज बन सकते हैं। इससे पहले मानवजीत सिंह संधू ने 2006 में क्रोएशिया के जगरेब में हुई विश्व चैंपियनशिप में यह मुकाम हासिल किया था।
हालांकि, शूट-ऑफ के दौरान विवान एक क्ले बर्ड को निशाना बनाने में चूक गए। इसका फायदा कुवैत के अब्दुलरहमान अलफैहान को मिला और उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। निर्धारित मुकाबले में दोनों निशानेबाजों का स्कोर 30 में से 29 था। बराबरी के बाद विजेता तय करने के लिए शूट-ऑफ कराया गया।
पुरुष ट्रैप में विश्व चैंपियनशिप पदक जीतने वाले चौथे भारतीय
रजत पदक जीतने के साथ ही विवान कपूर पुरुष ट्रैप स्पर्धा में विश्व चैंपियनशिप पदक हासिल करने वाले चौथे भारतीय निशानेबाज बन गए हैं। उनसे पहले दिग्गज निशानेबाज कर्णी सिंह ने रजत पदक जीता था, जबकि मानवजीत सिंह संधू और जोरावर सिंह संधू भी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
विवान लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए कोटा स्थान हासिल करने वाले भारत के तीसरे निशानेबाज भी बन गए हैं। उनसे पहले पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में जयपाल मालवीय और पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले नीरज कुमार भारत के लिए ओलंपिक कोटा हासिल कर चुके हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.