राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदान किए राष्ट्रीय खेल पुरस्कार, 17 खिलाड़ियों को मिला अर्जुन अवॉर्ड

HIGHLIGHTS
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान किए।
- इस बार किसी भी खिलाड़ी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए नहीं चुना गया।
- साल 2014 के बाद यह पहला मौका है, जब खेल रत्न पुरस्कार नहीं दिया गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में इस वर्ष के राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान किए। इस बार किसी भी खिलाड़ी को देश के सर्वोच्च खेल सम्मान 'मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार' के लिए चयनित नहीं किया गया। साल 2014 के बाद यह पहला अवसर है, जब किसी खिलाड़ी को खेल रत्न पुरस्कार नहीं दिया गया है। करीब 36 मिनट तक चले इस कार्यक्रम में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया, खेल सचिव हरि रंजन राव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से किया गया सम्मानित
चयन समिति की सिफारिशों का दोबारा मूल्यांकन किए जाने के बाद इस बार कुल 17 खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार दिया गया है। पुरस्कारों की घोषणा में हुई काफी देरी को लेकर कुछ एथलीटों ने आलोचना भी की थी। हालांकि, मंत्रालय ने इसे पुरस्कारों की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जरूरी बताया था।
पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में हाल ही में विश्व कप जीतने वाली शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख, 2024 शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य विदित गुजराती, डेकाथलीट तेजस्विन शंकर और महिला युगल बैडमिंटन जोड़ी की गायत्री गोपीचंद व त्रीसा जॉली शामिल हैं।
समारोह में खुद उपस्थित रहने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में दिव्या देशमुख, विदित गुजराती, राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल और युवा बधिर निशानेबाज धनुष श्रीकांत शामिल रहे। पैरा-स्पोर्ट्स श्रेणी में इस बार सिर्फ दो खिलाड़ियों, पैरा क्लब थ्रोअर एकता भ्यान और निशानेबाज रुद्रांश खंडेलवाल को यह सम्मान दिया गया। वहीं, 1962 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली फुटबॉल टीम के सदस्य आई. अरुड्मनायगम को 'लाइफटाइम अचीवमेंट' श्रेणी में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
तीन कोचों को मिला द्रोणाचार्य पुरस्कार
कोचिंग के क्षेत्र में बेहतरीन योगदान के लिए तीन कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनमें महिला राष्ट्रीय शिविर से जुड़े बॉक्सिंग कोच छोटे लाल यादव प्रमुख हैं। इसके अलावा पुरुषों की राष्ट्रीय मुक्केबाजी टीम के कोच धर्मेंद्र यादव और कुश्ती कोच वीरेंद्र कुमार को 'लाइफटाइम अचीवमेंट' श्रेणी में द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया।
गौरतलब है कि अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों को 15 लाख रुपये की नकद राशि दी जाती है। पहले ये पुरस्कार महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती यानी 29 अगस्त को प्रदान किए जाते थे। हालांकि, कोविड-19 महामारी के बाद से पुरस्कार समारोह की तारीख में लगातार बदलाव होता रहा है।
राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की पूरी सूची
अर्जुन पुरस्कार
तेजस्विन शंकर (एथलेटिक्स)
प्रियंका गोस्वामी (एथलेटिक्स)
नरेंद्र बेरवाल (मुक्केबाजी)
विदित गुजराती (शतरंज)
दिव्या देशममुख (शतरंज)
धनुष श्रीकांत (बधिर निशानेबाजी)
राजकुमार पाल (हॉकी)
सुरजीत (कबड्डी)
रुद्रांश खंडेलवाल (पैरा-शूटिंग)
एकता भ्यान (पैरा-एथलेटिक्स)
अरविंद सिंह (रोइंग)
अखिल शेरोन (निशानेबाजी)
त्रीसा जॉली (बैडमिंटन)
गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन)
लालरेम्सियामी (हॉकी)
मोहम्मद अजमल (एथलेटिक्स)
पूजा (कबड्डी)
अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम अचीवमेंट)
श्री आई. अरुड्मनायगम (फुटबॉल)
द्रोणाचार्य पुरस्कार
परवीर सिंह
छोटे लाल यादव
नेहा चव्हाण
द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम अचीवमेंट)
धर्मेंद्र यादव
वीरेंद्र कुमार
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.