बांग्लादेश में ‘ट्रंप जैसे दिखने वाले’ भैंसे की कुर्बानी पर लगी रोक

ढाका। बांग्लादेश में ईद-उल-अजहा के मौके पर चर्चा में आए एक अनोखे भैंसे की कुर्बानी पर सरकार ने रोक लगा दी है। यह भैंसा अपने अलग रूप और बालों की वजह से सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया था। लोग मजाक में इसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम से पुकारने लगे थे।
भैंसे का रंग भूरा-सफेद है और उसके सिर पर सुनहरे रंग के बालों का गुच्छा है, जो काफी हद तक डोनाल्ड ट्रंप के हेयर स्टाइल जैसा दिखाई देता है। इसी वजह से लोगों ने इसे “डोनाल्ड ट्रंप” कहना शुरू कर दिया। देखते ही देखते इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं और बड़ी संख्या में लोग इसे देखने पहुंचने लगे।
बताया जा रहा है कि यह भैंसा एक दुर्लभ आनुवंशिक स्थिति से प्रभावित है, जिसमें शरीर में मेलानिन की कमी हो जाती है। इसी कारण इसका रंग सामान्य भैंसों से अलग दिखाई देता है। करीब 700 किलो वजन वाला यह भैंसा ईद पर कुर्बानी के लिए तैयार किया गया था, लेकिन बढ़ती चर्चा और लोगों की दिलचस्पी के बाद प्रशासन ने इसकी कुर्बानी रुकवा दी।
भैंसे के मालिक ने स्थानीय मीडिया को बताया कि पुलिस अधिकारी उनके घर पहुंचे थे और उन्होंने सरकार के फैसले की जानकारी दी। मालिक के अनुसार, प्रशासन ने कहा कि भैंसे को सरकार के संरक्षण में लिया जाएगा और बदले में मुआवजा या दूसरा जानवर दिया जा सकता है। परिवार ने किसी विवाद से बचने के लिए भैंसे को सरकार को सौंपने पर सहमति जताई।
अब इस भैंसे को बांग्लादेश के राष्ट्रीय चिड़ियाघर में रखा जाएगा, जहां उसकी देखभाल की जाएगी। चिड़ियाघर प्रशासन का कहना है कि यह जानवर अपनी अनोखी बनावट के कारण लोगों के आकर्षण का केंद्र बन सकता है।
इस पूरे मामले पर रूस स्थित ईरानी दूतावास ने भी सोशल मीडिया पर टिप्पणी की। दूतावास ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि “बेचारे भैंसे को भी डोनाल्ड ट्रंप से तुलना कर परेशानी झेलनी पड़ रही है।” इसके बाद यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.