महाराष्ट्र: भिवंडी में बड़ा हादसा, चार मंजिला इमारत का हिस्सा ढहा; 4 की मौत

HIGHLIGHTS
- हादसे से पहले इमारत को खतरनाक घोषित किया जा चुका था और उसमें मरम्मत का कार्य चल रहा था।
- एनडीआरएफ, दमकल और अन्य बचाव दल मौके पर राहत एवं रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए हैं।
महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार देर रात एक चार मंजिला इमारत का हिस्सा ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना में अबतक 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
यह हादसा रात करीब 11:30 बजे पावरलूम नगरी के बालाजी नगर स्थित कोहिनूर बिल्डिंग में हुआ। भिवंडी-निजामपुर नगर निगम के अग्निशमन अधिकारी विजय जाधव ने बताया कि मलबे से चार शव बरामद किए गए है। वहीं, एक घायल लड़के को सुरक्षित निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहले ही खतरनाक घोषित की जा चुकी थी इमारत
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, चार मंजिला इस इमारत में कुल 48 कमरे थे और प्रत्येक मंजिल पर 12-12 कमरे बने हुए थे। इस भवन को पहले ही जर्जर और खतरनाक घोषित किया जा चुका था। हादसे के समय इमारत में मरम्मत का कार्य चल रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार रात करीब नौ बजे स्थानीय लोगों ने इमारत से तेज दरारों जैसी आवाजें सुनी थीं। खतरे की आशंका को देखते हुए कई परिवारों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, लेकिन कुछ लोग बाहर निकल ही रहे थे कि इमारत की 'बी' विंग अचानक ढह गई।
राहत और बचाव अभियान जारी
मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स और स्थानीय दमकल विभाग की टीमें लगी हुई हैं।
मौके पर डॉग स्क्वॉड, चार दमकल वाहन, दो एंबुलेंस और भारी मशीनरी तैनात की गई है। अधिकारी मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.