बारिश की दुआ के लिए भोपाल में कांग्रेस का अनोखा टोटका, गधों को खिलाए गुलाब जामुन

HIGHLIGHTS
- भोपाल में बारिश की कमी के बीच कांग्रेस नेताओं ने कोलार तिराहे पर गधों को फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर अच्छी बारिश की प्रार्थना की।
- कांग्रेस नेता मुजाहिद सिद्दीकी ने इसे मालवा-निमाड़ क्षेत्र की लोक परंपरा बताते हुए किसानों की फसल पर मंडरा रहे संकट को लेकर चिंता जताई।
- उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर बारिश के लिए आगे भी प्रार्थना सभा, भंडारे और अन्य धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।
मध्य प्रदेश में मानसून की धीमी रफ्तार और बारिश की कमी के बीच राजधानी भोपाल में शनिवार को कांग्रेस नेताओं ने बारिश के लिए एक अनोखा आयोजन किया। कोलार तिराहे पर गधों को फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों के साथ उनकी अगवानी की गई और उन्हें गुलाब जामुन खिलाकर इंद्र देव से अच्छी बारिश की प्रार्थना की गई।
मालवा-निमाड़ की परंपरा बताकर किया आयोजन
कांग्रेस नेता मुजाहिद सिद्दीकी ने बताया कि मालवा-निमाड़, इंदौर, उज्जैन, खंडवा और बुरहानपुर क्षेत्रों में लंबे समय से यह लोक मान्यता चली आ रही है कि जब बारिश नहीं होती तो गधों का सम्मान कर उन्हें मिठाई खिलाई जाती है। मान्यता है कि ऐसा करने से इंद्र देव प्रसन्न होते हैं और अच्छी वर्षा होती है। इसी परंपरा को भोपाल में भी निभाया गया।
किसानों की फसल पर संकट की चिंता
मुजाहिद सिद्दीकी ने कहा कि प्रदेश के किसान बोवनी का काम पूरा कर चुके हैं और बीज व खेती पर लाखों रुपये खर्च कर चुके हैं। लेकिन बारिश की कमी के कारण खेतों में नमी कम होने लगी है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द बारिश नहीं हुई तो फसलों पर संकट बढ़ सकता है, जिसका असर आम लोगों पर भी पड़ सकता है।
तालाब और डैम भरने की जताई उम्मीद
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के तालाब, डैम, कुएं और बावड़ियों को पानी से भरने की प्रार्थना करना है। सिद्दीकी ने कहा कि वह दोबारा ऐसा समय नहीं देखना चाहते, जब बड़े तालाब का जलस्तर इतना नीचे चला गया था कि लोग उसके अंदर तक पैदल पहुंचने लगे थे।
आगे भी आयोजन करने की बात कही
कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि बारिश की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आगे भी प्रार्थना सभा, भंडारे और अन्य धार्मिक आयोजन कर इंद्र देव से वर्षा की कामना की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह किसी के विरोध में नहीं, बल्कि किसानों और प्रदेश की खुशहाली के लिए किया गया प्रतीकात्मक प्रयास है।
बारिश की कमी बनी चिंता
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। कई जिलों में किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में नया मौसम तंत्र सक्रिय होने और प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना जताई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.