राहुल गांधी ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र, शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग

HIGHLIGHTS
- राहुल गांधी ने 29 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखा।
- उन्होंने सरकारी स्कूलों में एक लाख से ज्यादा शिक्षकों के खाली पदों का मुद्दा उठाया।
- शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-3 के 13,089 और वर्ग-2 के 10,800 पद हैं।
भोपाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-2 और वर्ग-3 के पदों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। 29 सितंबर 2026 को लिखे पत्र में उन्होंने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों का मुद्दा उठाया। राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षकों की कमी का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।
इंदौर में शिक्षक अभ्यर्थियों ने उठाई पद बढ़ाने की मांग
राहुल गांधी ने अपने पत्र में बताया कि इंदौर में 'छात्रा की गुंज' कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अभ्यर्थियों ने वर्ग-2 और वर्ग-3 की भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग रखी थी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहले से ही एक लाख से अधिक शिक्षकों के पद खाली हैं, जिसका सीधा प्रभाव बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-3 के सिर्फ 13,089 और वर्ग-2 के 10,800 पदों पर भर्ती निकाली गई है।
सीमित पदों से युवाओं को नौकरी का इंतजार
राहुल गांधी ने कहा कि युवा अभ्यर्थी चाहते हैं कि शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाए। इससे बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलने के साथ हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर भी मिल सकेगा।
पत्र में उन्होंने कहा कि कई अभ्यर्थी परीक्षा में अच्छे अंक हासिल कर चुके हैं और कई अतिथि शिक्षक के तौर पर पढ़ा भी रहे हैं। इसके बावजूद पद सीमित होने की वजह से उन्हें स्थायी नौकरी नहीं मिल पा रही है। लंबे समय से इंतजार कर रहे कई अभ्यर्थी अब आयु सीमा के करीब पहुंच चुके हैं।
आंदोलन और भूख हड़ताल का भी किया जिक्र
राहुल गांधी ने पत्र में कहा कि शिक्षक अभ्यर्थी अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए आंदोलन और भूख हड़ताल कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान भी अभ्यर्थियों के घर सरकार की ओर से नोटिस भेजकर उन्हें डराने की कोशिश की जा रही है।
नोटिस वापस लेने और अभ्यर्थियों से मिलने की मांग
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अनुरोध किया कि आंदोलन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस तत्काल वापस लिए जाएं। साथ ही उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी बात सुनने का अनुरोध किया।
राहुल गांधी ने मांग की कि सरकार वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाए और दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.