मुजफ्फरनगर में एक करोड़ का गांजा बरामद, ट्रक में छिपाकर हो रही थी तस्करी; चालक गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में नई मंडी पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले का खुलासा किया।
- ऑपरेशन सवेरा के तहत पचेंडा पुल के पास ट्रक की तलाशी ली गई।
- ट्रक से 174 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
मुजफ्फरनगर में नशे की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर ट्रक में छिपाया जाता था। इसके बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों में इसकी सप्लाई की जाती थी। नई मंडी पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा के तहत पचेंडा पुल के पास चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 174 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ट्रक मालिक फरार हो गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। शनिवार को पुलिस लाइन के सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी सिटी अमृत जैन ने इस कार्रवाई की जानकारी दी।
मेरठ की ओर से आ रहे ट्रक में छिपा था गांजा
एसपी सिटी अमृत जैन के मुताबिक, 14 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि मेरठ की तरफ से आ रहे एक ट्रक में अवैध मादक पदार्थ रखा हुआ है। सूचना मिलने के बाद नई मंडी पुलिस ने पचेंडा पुल के पास हाईवे पर सघन चेकिंग शुरू की।
कुछ देर बाद मेरठ की ओर से एक ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली तो अंदर छिपाकर रखा गया 174 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार चालक की पहचान हुई
एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार ट्रक चालक की पहचान रहीश पुत्र नजीर अहमद निवासी भैंसरहेड़ी, थाना छपार, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक का नंबर HR73A9532 है। इस मामले में थाना नई मंडी में मुकदमा दर्ज किया गया है।
विशाखापट्टनम से खरीदकर कई जिलों में करते थे सप्लाई
एसपी सिटी के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में रहीश ने बताया कि वह ट्रक चलाने का काम करता है। ट्रक का मालिक आसिफ पुत्र रफीक है, जो भैंसरहेड़ी का ही रहने वाला है।
आरोपी ने बताया कि वे ट्रक में सामान लेकर आंध्र प्रदेश, ओडिशा और महाराष्ट्र जाते थे। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से कम कीमत पर गांजा खरीदकर उसे ट्रक में छिपा दिया जाता था। इसके बाद वापसी के दौरान गांजे की खेप मुजफ्फरनगर, शामली, रुड़की, देहरादून और आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर सप्लाई की जाती थी।
रहीश ने यह भी बताया कि ट्रक मालिक आसिफ भी उसके साथ मौजूद था, लेकिन रास्ते में आगे मिलने की बात कहकर वह ट्रक से उतर गया।



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.