मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़, ऑपरेशन चक्रवात के तहत दो आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- ऑपरेशन चक्रवात के तहत नई मंडी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
- मुठभेड़ एनएच-58 पर रॉयल फार्म हाउस के सामने हुई।
- पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने टीम पर फायरिंग की थी।
मुजफ्फरनगर। ऑपरेशन चक्रवात के तहत नई मंडी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना बीती देर रात करीब 11 बजे एनएच-58 पर रॉयल फार्म हाउस के सामने स्थित एक खाली प्लॉट की है। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बागपत निवासी गुलाब उर्फ रिजवान के पैर में गोली लग गई। वहीं, दूसरे आरोपी शिवा को ईख के खेत में तलाशी अभियान चलाकर गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से चोरी किए गए बिजली फिटिंग के 5 किलो तार, 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
20 अक्टूबर को हुई थी चोरी
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के मुताबिक, 20 अक्टूबर को वसुंधरा कॉलोनी निवासी ऋषिपाल सिंह के निर्माणाधीन मकान से बिजली फिटिंग के तार चोरी कर लिए गए थे। मामले में नई मंडी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस की टीम तभी से घटना का खुलासा करने के प्रयास में जुटी थी।
सीओ ने बताया कि बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि रॉयल फार्म हाउस के सामने एक खाली प्लॉट में दो संदिग्ध मौजूद हैं। सूचना मिलते ही नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और प्लॉट की घेराबंदी कर दी। पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर दोनों संदिग्धों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और इसके बाद ईख के खेत में घुस गए।
पुलिस ने आरोपियों को फायरिंग रोककर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उनकी ओर से गोलीबारी जारी रही। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गुलाब उर्फ रिजवान के पैर में गोली लग गई। वहीं, शिवा को खेत में कॉम्बिंग के दौरान पकड़ लिया गया।
पुलिस ने मौके से चोरी किए गए 5 किलोग्राम बिजली फिटिंग के तार, 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी बागपत और मेरठ जिले के रहने वाले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में गुलाब उर्फ रिजवान पुत्र इलियास उर्फ खलील निवासी ग्राम अफसराबाद, थाना रमाला, जिला बागपत और शिवा पुत्र कुलदीप निवासी ग्राम तखावली, थाना बहसूमा, जिला मेरठ शामिल हैं। शिवा फिलहाल मुजफ्फरनगर के जानसठ थाना क्षेत्र की करमूला पट्टी में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी गुलाब उर्फ रिजवान के खिलाफ मुजफ्फरनगर, शामली और बागपत के अलग-अलग थानों में कुल 21 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार, आबकारी और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। वहीं, दूसरे आरोपी शिवा के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.