फ्लाईदुबई फ्लाइट हमले में घायल कैप्टन स्मित की खोपड़ी में फ्रैक्चर, इलाज जारी

HIGHLIGHTS
- कैप्टन स्मित को हमले के दौरान डिप्रेस्ड फ्रैक्चर हुआ था।
- सऊदी अरब में उनका आपातकालीन उपचार किया गया।
- UAE ले जाने से पहले डॉक्टरों ने उनकी खोपड़ी का इलाज किया।
अबू धाबी। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुए 'आतंकी हमले' में घायल पायलट कैप्टन स्मित के स्वास्थ्य को लेकर नई जानकारी सामने आई है। ओमान के को-पायलट हम्मामी ने कैप्टन स्मित की खोपड़ी पर भी वार किया था, जिससे उनकी खोपड़ी में फ्रैक्चर हो गया।
एनडीटीवी की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि हमले के दौरान कैप्टन स्मित को 'डिप्रेस्ड फ्रैक्चर' हुआ था। सऊदी अरब में उनका आपातकालीन उपचार किया गया। वहां डॉक्टरों ने संयुक्त अरब अमीरात ले जाने से पहले उनकी खोपड़ी का इलाज किया।
क्या होता है डिप्रेस्ड फ्रैक्चर?
डिप्रेस्ड खोपड़ी फ्रैक्चर उस स्थिति को कहा जाता है, जब खोपड़ी टूटने के साथ हड्डी का कोई हिस्सा मस्तिष्क की तरफ अंदर की ओर धंस जाता है। यह टूटा हुआ हिस्सा आसपास की सामान्य हड्डी की तुलना में नीचे चला जाता है।
यह गंभीर चोट मानी जाती है, क्योंकि खोपड़ी की हड्डी मस्तिष्क पर दबाव डाल सकती है या उसे नुकसान पहुंचा सकती है। ऐसे मामलों में अक्सर चिकित्सा देखभाल या सर्जरी की जरूरत पड़ती है।
स्मित को कहां-कहां चोटें आईं?
कैप्टन स्मित को अन्य चोटें भी लगी हैं। इनमें उनके अंगों, छाती और ऊपरी पेट के हिस्से में घाव शामिल हैं। हालांकि, अब उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।
कैप्टन स्मित को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए पिछले सप्ताह सऊदी अरब से हवाई मार्ग से अबू धाबी लाया गया था। उन्हें सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेष डॉक्टरों की एक टीम उनकी कड़ी निगरानी कर रही है।
अधिकारियों ने स्मित के परिवार को अस्पताल में उनसे मिलने की अनुमति दी है। परिवार को उनके स्वास्थ्य से जुड़े नियमित अपडेट भी दिए जा रहे हैं।
बता दें कि 38 साल के कैप्टन स्मित ने दर्द और तेजी से हो रहे रक्तस्राव के बावजूद संघर्ष जारी रखा। वह कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इससे चालक दल के सदस्यों और यात्रियों को कॉकपिट में पहुंचने, सह-पायलट को काबू करने और विमान को स्थिर करने में मदद मिली।
इसके बाद उड़ान को सऊदी अरब के ताबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.