यूट्यूबर अनुराग डोभाल पर मारपीट और धमकी का केस, तीन साथियों समेत गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- राज सिंह चौहान की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
- घटना पांच अक्टूबर की शाम हरिद्वार बाईपास स्थित कैफे के पास की बताई गई।
- बातचीत के दौरान मारपीट शुरू करने का आरोप लगाया गया है।
देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में प्रसिद्ध यूट्यूबर अनुराग डोभाल एक बार फिर विवाद में हैं। अनुराग डोभाल और उनके कुछ साथियों के खिलाफ मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बाद पुलिस ने अनुराग डोभाल और उनके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने राज सिंह चौहान की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। पुलिस के मुताबिक, राज सिंह चौहान ने तहरीर में बताया कि पांच अक्तूबर की शाम करीब छह बजे वह हरिद्वार बाईपास स्थित एक कैफे के पास अनुराग डोभाल और उनके साथियों से मिलने पहुंचे थे। आरोप है कि करीब आठ बजे बातचीत के दौरान अनुराग डोभाल और उनके साथियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
परिवार को जान से मारने की धमकी का भी आरोप
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अनुराग डोभाल ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। वहीं, अन्य लोगों ने लोहे के हथियार और डंडों से हमला किया। आरोप यह भी है कि उन्हें वाहन से कुचलने का प्रयास किया गया। तहरीर में मारपीट के दौरान चोट लगने की बात कही गई है।
राज सिंह चौहान ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान उनका मोबाइल फोन और सोने की चेन भी छीन ली गई। किसी तरह मौके से निकलने के बाद आरोपियों की ओर से फोन और इंस्टाग्राम आईडी के जरिए उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
तहरीर में अनुराग डोभाल के साथ अभय चौधरी, तपन पंडित, अभिषेक टाइगर, अभिनव श्रीवास्तव, गुरु भाई समेत अन्य लोगों के नाम बताए गए हैं।
नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। इसके बाद अनुराग डोभाल और उनके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.