काला सागर में रूसी ड्रोन हमला, तुर्की के कार्गो जहाज पर दो क्रू मेंबर की मौत

HIGHLIGHTS
- हमला रोमानिया की समुद्री सीमा के बाहर काला सागर में हुआ।
- ड्रोन हमले के बाद कार्गो जहाज में आग लग गई।
- जहाज के क्रू में तीन भारतीय नागरिक शामिल थे।
कीव। रोमानिया की समुद्री सीमा से बाहर काला सागर में तुर्की के एक सिविलियन कार्गो जहाज पर रूसी ड्रोन हमले में कम से कम दो क्रू मेंबर की मौत हो गई। हमले में एक भारतीय नागरिक समेत कुछ अन्य लोग घायल हुए हैं। मामले पर भारत की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
रोमानिया स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि जहाज के क्रू में तीन भारतीय नागरिक शामिल थे। ड्रोन हमले के बाद जहाज में आग लग गई, जिसमें एक भारतीय नागरिक घायल हुआ और उसका इलाज चल रहा है।
भारतीय दूतावास ने क्या बताया?
दूतावास ने अपनी पोस्ट में कहा कि उसे काला सागर में कमर्शियल जहाज MV ROYAD MAMMADOV पर हुए हमले की जानकारी मिली है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमले में दो विदेशी नागरिकों की मौत हुई है, जबकि कुछ क्रू मेंबर घायल हुए हैं और रोमानिया में उनका इलाज चल रहा है।
दूतावास ने यह भी बताया कि जहाज के क्रू में तीन भारतीय नागरिक शामिल हैं। मिशन ने कहा कि वह भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और उनके स्वास्थ्य से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।
तीनों भारतीय नागरिकों की हालत ठीक
भारतीय दूतावास के मुताबिक, भारतीय राजदूत मनोज महापात्रा ने कार्गो जहाज पर मौजूद भारतीय नागरिकों से बातचीत की और उनकी स्थिति की जानकारी ली।
राजदूत ने कॉन्स्टैंटा काउंटी अस्पताल में इलाज करा रहे तीन भारतीय नागरिकों से बात की। उन्होंने अस्पताल के मुख्य डॉक्टर से भी बातचीत की, जिन्होंने पुष्टि की कि तीनों की सेहत अच्छी है। राजदूत ने भारतीय नागरिकों को हर संभव मदद और सहयोग का भरोसा दिया।
मिशन ने कहा कि घायल नाविक की स्थिति जानने के लिए वह अस्पताल के अधिकारियों के संपर्क में है और भारतीय क्रू सदस्यों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और भलाई के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।
रूसी हमले पर भारत की प्रतिक्रिया
कार्गो जहाज पर रूसी हमले की खबरों पर भारत ने कहा कि इस तरह की आक्रामकता पूरी तरह अस्वीकार्य है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत ने केवल वकालत तक सीमित रहने के बजाय हाल के महीनों में कीव और मॉस्को दोनों के साथ बातचीत के जरिए यूक्रेन संकट के समाधान के प्रयास तेज किए हैं।
जयशंकर ने कहा कि काला सागर से लेकर खाड़ी क्षेत्र तक आम नागरिकों के जहाजों पर हमले पूरी तरह अस्वीकार्य हैं। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में गतिरोध बना हुआ है और कुछ देश सुधारों का विरोध कर रहे हैं। भारत का मानना है कि रूस-यूक्रेन विवाद का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए ही हो सकता है।
जेलेंस्की ने दी हमले की जानकारी
हमले में मारे गए लोगों की राष्ट्रीयता की तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूसी हमला होने के समय जहाज पर अजरबैजानी और भारतीय नागरिक सवार थे।
हमले के बाद जेलेंस्की ने बताया कि जहाज के कप्तान की मौत हो गई है और एक अन्य व्यक्ति के बारे में अभी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि क्रू के 11 सदस्यों को बचाया गया है, जिनमें से एक घायल है।
जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने कई बार स्थिति को शांत करने और काला सागर में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक खाद्य सुरक्षा बहाल करने के लिए दबाव बनाने की जरूरत है और जो भी इसमें वास्तव में रुचि रखता है, उसे मदद करनी चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.