योगी का अखिलेश पर तीखा पलटवार, बोले- उत्तराखंड की बेटी न होती तो सैफई में भैंस चरा रहे होते

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों पर दिए गए बयान पर पलटवार किया।
- योगी ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी न होती तो अखिलेश यादव आज सैफई में भैंस चरा रहे होते।
- सीएम ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच गहरे सांस्कृतिक और सामाजिक रिश्तों का जिक्र किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न आई होती तो आज अखिलेश यादव सैफई में भैंस चरा रहे होते। सीएम योगी ने कहा कि जो लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों के सामने झुकते हैं, वही आज देवभूमि के लोगों पर सवाल उठा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच गहरा संबंध है। उन्होंने कहा, "हमने उत्तराखंड का पानी पिया है और वहां का अन्न खाया है।" चुनौतियों का सामना करना हमारे जीन में है।
योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड के देश के प्रति योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि इस राज्य ने जनरल बिपिन रावत, मौजूदा सीडीएस जनरल अनिल चौहान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल जैसी महान हस्तियां दी हैं। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली का साहस भी पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों की ब्रांडिंग करने और वहां के कलाकारों को प्रोत्साहित करने की बात कही। साथ ही लोगों से जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर समाज को बांटने की कोशिश करने वालों से सतर्क रहने की अपील की।
माफिया के समर्थन में आंसू बहाने वालों पर भी साधा निशाना
सीएम योगी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोगों को उत्तराखंड की लोक परंपराओं, संस्कृति और वहां के लोगों की भावनाओं की कोई चिंता नहीं दिखाई देती। लेकिन जब किसी दुर्दांत माफिया के प्रति सहानुभूति दिखाने की बात आती है तो यही लोग आंसू बहाने लगते हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे लोगों से देवभूमि की संस्कृति, पहचान और गौरव का सम्मान करने की उम्मीद आखिर कैसे की जा सकती है।
उत्तराखंड के सैन्य और सुरक्षा योगदान का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने देश की सुरक्षा और सैन्य क्षेत्र में उत्तराखंड की भूमिका को भी याद किया। उन्होंने कहा कि देश के दोनों सीडीएस उत्तराखंड से रहे हैं। वर्तमान सीडीएस जनरल अनिल चौहान का जन्म भी इसी देवभूमि में हुआ है।
योगी ने कहा कि भारतीय रक्षा सेनाओं और देश की सुरक्षा में इन हस्तियों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल का भी उल्लेख किया और बताया कि उनका जन्म भी उत्तराखंड में हुआ है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देश की सुरक्षा में योगदान देने वाली इन विभूतियों को नमन किया।
सपा का पलटवार- सीएम की दलित-पिछड़ा विरोधी मानसिकता उजागर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भैंस चराने वाले बयान पर समाजवादी पार्टी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। सपा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश ने शरण नहीं दी होती तो वह कहीं डग्गामार बस में 10 रुपये प्रति सवारी के हिसाब से यात्रियों को आवाज लगा रहे होते। पार्टी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पहले डग्गामार बस में सवारियां हांकने का काम करते थे।
समाजवादी पार्टी ने पिछड़े और दलित समाज को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पीडीए के लोगों को भैंस चराने वाला, बकरी और भेड़ पालने वाला, सब्जी बेचने वाला, जूते गांठने वाला और कूड़ा साफ करने वाला समझते हैं।
पार्टी ने आगे कहा कि पीडीए समाज के लोग भैंस भी चराते हैं और देश व प्रदेश भी चलाते हैं। सपा के मुताबिक, मुख्यमंत्री के इस बयान से उनकी दलित और पिछड़ा विरोधी मानसिकता सामने आ गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.