दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के आरोपों पर बोले कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा, कहा- हर जांच के लिए तैयार हूं

HIGHLIGHTS
- विधायक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को मनगढ़ंत और झूठा बताया है।
- भूषण बाड़ा ने कहा कि वह हर तरह की जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं।
- उन्होंने अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं पर साजिश में शामिल होने की आशंका जताई।
रांची। दुष्कर्म का आरोप लगने और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा अपने आवास पर ही मौजूद हैं। उन्होंने कहा है कि वह मामले से जुड़ी हर तरह की जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं।
शनिवार को अपने आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान विधायक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को मनगढ़ंत और झूठा बताया। उन्होंने कहा कि वह किसी भी तरह की जांच से पीछे नहीं हटेंगे। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि वह यहां से भागने वाले नहीं हैं।
भूषण बाड़ा ने इस पूरे मामले के पीछे अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं की साजिश होने की आशंका जताई। उनका कहना है कि पार्टी से निष्कासन का बदला लेने के लिए यह साजिश रची गई है, जबकि आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।
विधायक ने बताया कि आरोप लगाने वाली नाबालिग लड़की मई महीने में उनके घर आई थी और जुलाई में वहां से चली गई थी। उन्होंने कहा कि जुलाई में धनरोपनी के दौरान ज्यादातर लोग अपने-अपने गांव चले जाते हैं।
उन्होंने कहा कि लड़की अपने दादा-दादी के साथ रहती है। यदि उसके साथ कुछ गलत हुआ होता तो वह उसी समय अपनी दादी को इसकी जानकारी दे सकती थी। विधायक के अनुसार, चार महीने गुजरने के बाद कुछ लोगों ने उसे बहला-फुसलाकर यह आरोप लगवाया है। मामले की जांच शुरू हो चुकी है और जल्द ही जांच रिपोर्ट सभी के सामने होगी।
भूषण बाड़ा ने आरोप लगाया कि बच्ची को झूठी बातें सिखाकर उन्हें बदनाम करने की साजिश की गई है। उन्होंने बताया कि विधायक आवास में अब भी कई लड़कियां रहती हैं। इनमें कुछ नौकरी करती हैं, कुछ पढ़ाई कर रही हैं और कुछ प्रशिक्षण ले रही हैं।
विधायक के मुताबिक, पिता की मृत्यु के बाद वह लड़की पढ़ाई और प्रशिक्षण के लिए रांची स्थित उनके आवास पर आई थी। उन्होंने कहा कि लड़की के दादा-दादी को इन सभी बातों की जानकारी है।
पांच-छह लोगों के खिलाफ पार्टी ने की थी कार्रवाई
सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने आरोप लगाया कि निकाय चुनाव के दौरान पार्टी के फैसले के खिलाफ काम करने वाले कुछ लोगों को संगठन से निष्कासित किया गया था। उनके मुताबिक, इस साजिश के पीछे उन्हीं लोगों का हाथ है।
उन्होंने कहा कि समय आने पर इस मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी और दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा। विधायक ने यह भी बताया कि आर्थिक रूप से पिछड़ा क्षेत्र होने के कारण यहां युवाओं के लिए रोजगार के अवसर कम हैं। इसके चलते कई लोग नौकरी की तलाश में रांची पहुंचते हैं और विधायक आवास में ही रहते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.