नोएडा में जर्जर मकानों पर सख्ती, नोटिस जारी कर खाली कराने की तैयारी

HIGHLIGHTS
- 81 गांवों में जर्जर भवनों की पहचान के लिए सर्वे जारी
- खतरनाक मकानों पर नोटिस चस्पा कर खाली कराने की तैयारी
- 2019 के सर्वे में 1757 इमारतें असुरक्षित मिली थीं
नोएडा। दिल्ली में हुए इमारत हादसे के बाद नोएडा प्राधिकरण ने गांवों में जर्जर और असुरक्षित मकानों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।
सर्वे के दौरान खतरनाक हालत में पाए गए भवनों पर नोटिस चस्पा किए जा रहे हैं। भवन मालिकों और वहां रहने वाले लोगों को मकान खाली करने के लिए एक से दो सप्ताह का समय दिया जा रहा है।
प्राधिकरण ने साफ किया है कि भवन में रहने के दौरान अगर कोई हादसा होता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।
हालांकि, नोएडा प्राधिकरण ने वर्ष 2019 में भी जर्जर भवनों का सर्वे कराया था। उस दौरान करीब 1757 इमारतों को असुरक्षित घोषित किया गया था, लेकिन उन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी थी।
इस बार प्राधिकरण ने नोटिस जारी करने के साथ भवनों को खाली कराने पर भी जोर दिया है। गांवों के अलावा सेक्टर-31 के 128 ईडब्ल्यूएस फ्लैटों को भी जर्जर स्थिति को लेकर नोटिस जारी किए गए हैं।
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने क्या बताया?
प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने बताया कि जिन भवनों पर नोटिस लगाए गए हैं, उन्हें खाली कराया जाएगा।
नोटिस की एक प्रति पुलिस विभाग को भी भेजी जा रही है, जिससे जरूरत पड़ने पर भवनों को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके।
नोएडा प्राधिकरण को 10 वर्क सर्किल में बांटा गया है। इन सर्किलों के अंतर्गत 81 गांव आते हैं। सभी सर्किल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में जर्जर भवनों की पहचान करने और कार्रवाई की जिम्मेदारी दी गई है।
सदरपुर, निठारी, ममूरा, सलारपुर और भंगेल जैसे घनी आबादी वाले गांवों में जर्जर भवनों का सर्वे किया जा रहा है। मामूरा गांव में अभी तक नौ भवनों पर जर्जर होने का नोटिस चस्पा किया जा चुका है।
इन मकानों में अभी भी लोग रह रहे हैं। नोटिस में तत्काल भवन खाली करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना और जनहानि को रोका जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.