UAE में भीषण बस-ट्रक हादसा, 13 लोगों की मौत, भारतीय नागरिक भी शामिल

HIGHLIGHTS
- UAE के रास अल खैमाह में बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हुई।
- हादसा अल वतन रोड पर हुआ, बस में कुल 41 लोग सवार थे।
- तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़े ट्रक से बस टकरा गई।
अबू धाबी। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास अल खैमाह में बस और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने मंगलवार को बताया कि मृतक भारतीयों के परिजनों से संपर्क किया जा चुका है और उन्हें हर संभव सहायता दी जा रही है।
यूएई के गृह मंत्रालय और स्थानीय मीडिया संस्थानों खलीज टाइम्स तथा गल्फ न्यूज के अनुसार, यह हादसा रास अल खैमाह की अल वतन रोड पर हुआ। यात्रियों से भरी बस में कुल 41 लोग सवार थे। बताया गया है कि तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से बस टकरा गई।
11 लोगों ने मौके पर तोड़ा दम
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में शुरुआत में 11 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। वहीं, अस्पताल में उपचार के दौरान दो अन्य घायलों ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई। दुर्घटना में 14 अन्य लोग घायल हुए हैं। हालांकि, कुल मृतकों और घायलों में भारतीय नागरिकों की संख्या कितनी है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने बताया कि पीड़ितों को हर संभव सहायता पहुंचाने और हादसे से संबंधित अन्य जानकारियां जुटाने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। दूतावास की ओर से सहायता या जानकारी के लिए 24 घंटे उपलब्ध टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 800-46342 भी जारी किया गया है।
कुछ दिन पहले फुजैरा में भी हुआ था बड़ा सड़क हादसा
गौरतलब है कि यूएई के फुजैरा में हुए एक बड़े सड़क हादसे के कुछ दिन बाद ही यह दुर्घटना सामने आई है। 13 नवंबर की सुबह हुई उस घटना में ट्रकों समेत कुल 23 वाहन आपस में टकरा गए थे। उस हादसे में 4 भारतीयों सहित 14 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, 7 भारतीयों के अलावा यूएई, जॉर्डन, पाकिस्तान, मिस्र, ओमान और ब्राजील के नागरिकों समेत कुल 30 लोग घायल हुए थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.