कुंभ-2027: हरिद्वार पहुंची जूना अखाड़े की जमात, ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य स्वागत

HIGHLIGHTS
- हरिद्वार कुंभ-2027 की धार्मिक गतिविधियों का शुभारंभ हो गया है।
- श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात ने हरिद्वार में नगर प्रवेश किया।
- श्यामपुर और चंडी चौकी पर साधु-संतों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
हरिद्वार कुंभ-2027 की धार्मिक गतिविधियों की शुरुआत आज श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात के नगर प्रवेश के साथ हो गई। अखाड़े की भव्य नगर प्रवेश यात्रा धर्मनगरी हरिद्वार पहुंची। यात्रा के हरिद्वार की सीमा में दाखिल होते ही श्यामपुर और चंडी चौकी पर स्थानीय श्रद्धालुओं, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों ने पुष्पवर्षा कर साधु-संतों का जोरदार स्वागत किया।
संतों के दर्शन के लिए रास्ते के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, चंडी चौकी पर स्वागत के बाद यात्रा श्री बिल्केश्वर महादेव मंदिर से होते हुए ज्वालापुर स्थित गुग्गा पीर क्षेत्र की ओर रवाना होगी।
यहां पहुंचने के बाद अखाड़े के सभी साधु-संत अपने तय डेरे छावनी में विश्राम करेंगे। इसी स्थान पर आगामी धार्मिक अनुष्ठानों और शाही स्नान की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। नगर प्रवेश यात्रा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
अखाड़ों की परंपराओं का सम्मान कर सभी सुविधाएं दी जाएंगी: मेलाधिकारी
मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ की तैयारियां अखाड़ों, साधु-संतों और संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से आगे बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अखाड़ों की धार्मिक परंपराएं कुंभ की खास पहचान हैं। मेला प्रशासन इन परंपराओं का सम्मान करते हुए अखाड़ों को जरूरी सुविधाएं, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुसार कुंभ से जुड़ी सभी तैयारियां तय समयसीमा में पूरी की जा रही हैं। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही हरिद्वार कुंभ को उसकी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप दिव्य एवं भव्य स्वरूप दिया जाएगा।
कुंभ मेला-2027 की प्रमुख स्नान तिथियां
14 जनवरी 2027 – मकर संक्रांति
06 फरवरी 2027 – मौनी अमावस्या
11 फरवरी 2027 – बसंत पंचमी
20 फरवरी 2027 – माघ पूर्णिमा
06 मार्च 2027 – महाशिवरात्रि (अमृत स्नान)
08 मार्च 2027 – फाल्गुन अमावस्या (अमृत स्नान)
15 मार्च 2027 – देव डोलियों का अमृत स्नान
07 अप्रैल 2027 – नव संवत्सर
14 अप्रैल 2027 – मेष संक्रांति (अमृत स्नान)
15 अप्रैल 2027 – श्रीराम नवमी
20 अप्रैल 2027 – चैत्र पूर्णिमा
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.