काशी में भव्यता के साथ संपन्न हुई देव दीपावली, 84 घाटों पर दीपों की रोशनी से जगमगाई गंगा

HIGHLIGHTS
- काशी में मंगलवार को देव दीपावली का पर्व भव्यता और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
- गंगा के 84 घाटों से लेकर वरुणा नदी के तट तक दीपों की रोशनी दिखाई दी।
- शहर के कुंड और तालाब भी असंख्य दीपों से जगमगाते नजर आए।
वाराणसी। काशी में देव दीपावली का पर्व मंगलवार को भव्य आयोजन और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। गंगा के 84 घाटों से लेकर वरुणा नदी के किनारों और शहर के कुंडों व तालाबों तक हजारों दीपों ने मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया। गंगा के दोनों किनारे दीपों की रोशनी से जगमगाते रहे। नमो घाट, दशाश्वमेध, अस्सी और ललिता घाट से उत्सव का लाइव प्रसारण भी किया गया। इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटक और श्रद्धालु काशी पहुंचे।
देव दीपावली को लेकर जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों ने करीब 15 दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। इस दौरान घाटों की सजावट, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम किए गए। नमो घाट पर पहुंचे पर्यटक भी वहां की भव्यता और व्यवस्थाओं को देखकर प्रभावित नजर आए। कुछ लोगों ने इस आयोजन को काशी की आध्यात्मिक पहचान से जोड़कर देखा, तो कई लोगों के लिए यह यादगार अनुभव बन गया।
नमो घाट पहुंचे एआरपी पुरंदर कुमार पांडेय ने कहा कि काशी एक दिव्य नगरी है, जिसका लोगों की भावनाओं से गहरा जुड़ाव है। देव दीपावली इस शहर की सुंदरता और आकर्षण को और बढ़ा देती है। मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नाम के राक्षस का वध किया था। इसके बाद देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था।
पहली बार नमो घाट पहुंचे आदित्य सिंह ने कहा कि यहां आकर उन्हें काफी उत्साह और सुख का अनुभव हो रहा है। उन्होंने घाट पर साफ-सफाई की व्यवस्था को भी अच्छा बताया। वहीं, आजमगढ़ के विशाल राय ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से देव दीपावली देखने काशी आ रहे हैं। उनके अनुसार, नमो घाट पर हर बार आयोजन का अनुभव अलग होता है। इस बार उनके गांव रानी की सराय से भी कई युवा उत्सव देखने के लिए पहुंचे हैं।
जौनपुर के आनंद सिंह भी अपने बच्चों और परिवार के साथ नमो घाट पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके बच्चे देव दीपावली के दौरान रील और वीडियो बनाते हैं। उनका मानना है कि इस अवसर पर नमो घाट से बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर काफी पसंद किए जाते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.