यूपी चुनाव 2027: सपा ने जारी की पांच उम्मीदवारों की पहली सूची, जानें किसे कहां से मिला टिकट

HIGHLIGHTS
- सूची 24 नवंबर 2026 को जारी की गई है।
- बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान को प्रत्याशी बनाया गया है।
- सहारनपुर सीट से आशु मलिक को टिकट दिया गया है।
समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पांच उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने अपनी जारी सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड की विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की है।
इस सूची के साथ पार्टी ने 'होगा पीडीए के नाम अबकी एकजुट मतदान' का नारा भी दिया है।
इन पांच विधानसभा सीटों पर घोषित किए गए उम्मीदवार
समाजवादी पार्टी की ओर से 24 नवंबर 2026 को जारी सूची में पांच विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। घोषित उम्मीदवारों का विवरण इस प्रकार है:
बेहट (01), सहारनपुर: उमर अली खान
सहारनपुर (04), सहारनपुर: आशु मलिक
कैराना (08), शामली: नाहिद हसन
अमरोहा (41), अमरोहा: महबूब अली
ललितपुर (226), ललितपुर: ज्योति लोधी
इस तरह सहारनपुर जिले की दो सीटों के अलावा शामली, अमरोहा और ललितपुर की एक-एक विधानसभा सीट पर उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। जारी पत्र पर पार्टी नेतृत्व के हस्ताक्षर भी हैं।
अखिलेश यादव बोले- सभी संभावित सीटों को चिह्नित कर हमें भेजें
पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित करने से पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी किया था। उन्होंने कहा कि इस बार एक ऐतिहासिक अवसर है, जब दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर सांप्रदायिक भाजपा और उसके संकीर्ण सोच वाले साथियों को हराकर देश को गलत हाथों में जाने और बर्बाद होने से बचा सकती हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि दोनों दल जन-अपेक्षाओं और वास्तविक परिस्थितियों को समझते हुए गंभीर चर्चा करें, ताकि अधिकतर सीटों पर गठबंधन की जीत सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि गठबंधन के तहत दोनों पार्टियां जितनी सीटों पर चुनाव लड़ें, उनमें जीतने वाली सीटों की संख्या हारने वाली सीटों से अधिक होनी चाहिए। उनके मुताबिक, जीती हुई सीटें ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएंगी और सम्मान दिलाएंगी।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस की टीम की ओर से प्राथमिकता के आधार पर भेजी गई सीटों में से 26 सीटों पर आज बातचीत हो चुकी है। इनके अलावा बाकी सभी संभावित सीटों की पहचान कर सूची भेजने को कहा गया है। इसके बाद दोनों दल मिलकर विचार करेंगे कि कौन सी सीट और उस पर कौन सा उम्मीदवार जीतने की स्थिति में है।
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि सपा अपने आकलन और जीत के गणितीय समीकरणों के आधार पर कांग्रेस को ऐसी कई सीटों के बारे में भी बता सकती है, जिन पर उसने किसी कारण से विचार नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि जब दोनों दलों के बड़े नेता बैठक करें तो सभी सीटों पर 'इंडिया गठबंधन' के प्रत्याशी के तौर पर चर्चा हो, न कि कांग्रेस या सपा के उम्मीदवार के रूप में। अखिलेश के मुताबिक, सबसे सकारात्मक बात यह होगी कि गठबंधन के उम्मीदवार को 'पीडीए प्रत्याशी' के रूप में पेश किया जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.