साइबर सेल की देशव्यापी कार्रवाई में 27 जालसाज गिरफ्तार, डेढ़ करोड़ की ठगी का खुलासा

पश्चिम जिला साइबर सेल ने एक व्यापक अभियान के दौरान 27 जालसाजों को गिरफ्तार किया है। इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 11 राज्यों में एक साथ छापेमारी की और लगभग 10 बड़े ठगी मामलों का पर्दाफाश किया। शुरुआती जांच में पता चला कि इन मामलों में डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की ठगी हुई है, जबकि आरोपियों के बैंक खातों में लगभग 13.91 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन पाए गए।
जिला पुलिस उपायुक्त शरद भास्कर दरादे ने बताया कि साइबर सेल ने तकनीकी जांच और ऑनलाइन गतिविधियों की पड़ताल के बाद आरोपियों की पहचान की। इसके बाद जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल में एक साथ छापेमारी की गई।
ठगी के तरीके और बरामद सामग्री
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का संबंध निवेश ठगी, एपीके फाइल ठगी, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए ठगी, क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों से था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 मोबाइल फोन, 28 सिम कार्ड, 20 बैंकिंग कार्ड, एक पीओएस मशीन, एक बाइक और कई बैंक दस्तावेज और खाता किट बरामद की।
साइबर सेल अब पूरे नेटवर्क की जांच कर यह पता लगा रही है कि इन जालसाजों के और कौन-कौन से साथी शामिल थे और कितने लोगों को ठगी के जाल में फंसाया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.