दलित युवती अपहरण कांड: पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे पंकज मलिक, पुलिस से हुई नोकझोंक

मुजफ्फरनगर। दलित युवती के अपहरण का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के दो दिन बाद भी युवती का कोई सुराग न मिलने से परिजनों में आक्रोश और चिंता दोनों बढ़ गए हैं। इसी बीच मामला राजनीतिक रूप लेता नजर आ रहा है।
विधायक को रोकने पर बढ़ा तनाव
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पीड़ित परिवार से मिलने समाजवादी पार्टी के चरथावल विधायक पंकज मलिक पहुंचे। बताया जा रहा है कि रास्ते में पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस अधिकारियों तथा विधायक के बीच तीखी बहस हुई।

समर्थकों के साथ पहुंचे पीड़ित परिवार तक
कुछ देर की कहासुनी के बाद विधायक अपने समर्थकों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। वहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली और उन्हें भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए प्रयास करेगी।
पुलिस व्यवस्था पर उठाए सवाल
विधायक पंकज मलिक ने मौके पर मौजूद सीओ से पीड़िता के घर के बाहर तैनात अतिरिक्त पुलिस बल हटाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस पीड़ित परिवार से मिलने आने वाले लोगों को रोकने की कोशिश कर रही है, जो गलत है।

उन्होंने परिजनों से कहा कि यदि किसी स्तर पर पुलिस द्वारा दबाव या उत्पीड़न किया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, वह हर परिस्थिति में उनके साथ रहेंगे।
जल्द बरामदगी की मांग
विधायक ने युवती की जल्द से जल्द सुरक्षित बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि पुलिस को मामले में तेजी लानी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और स्थिति सामान्य हो सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.