देहरादून फायरिंग कांड का खुलासा, पूर्व प्रेमिका समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- पुलिस के अनुसार, मालिया ने मोहित के जरिए अंकित से संपर्क किया था।
- हत्या के लिए तय रकम में से 1.20 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।
- पुलिस ने मालिया और मोहित को आईएसबीटी के पास से पकड़ा, जबकि अंकुर की तलाश जारी है।
देहरादून। बड़ोवाला में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुई फायरिंग के मामले का पटेलनगर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने सत्यम की पूर्व प्रेमिका मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सत्यम की दूसरी युवती से सगाई होने से नाराज मालिया ने उसकी हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस के मुताबिक, हत्या की सुपारी लक्सर के बदमाश अंकित चौहान को पांच लाख रुपये में दी गई थी। मामले में अंकित मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ है, जबकि उसका साथी अंकुर फरार है।
बाइक सवार दो युवकों ने सत्यम पर चलाई थी गोली
पुलिस के अनुसार, आठ सितंबर को सत्यम अपनी बहन साक्षी के साथ स्कूटी से बड़ोवाला स्थित घर जा रहा था। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बाइक सवार दो युवकों ने उसकी स्कूटी रोक ली और सत्यम पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले में पटेलनगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को गोरखपुर चौक के पास संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान दोनों बाइक सवार चाय बागान की पगडंडी की ओर भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग की।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अंकित के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंकुर मौके से फरार हो गया।
2020 में शुरू हुआ था मालिया और सत्यम का रिश्ता
पुलिस पूछताछ में मालिया ने बताया कि वह वर्ष 2020 से 2023 तक हरिद्वार के उज्जीवन बैंक में काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सत्यम से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया।
वर्ष 2023 में परिवार के दबाव में मालिया ने सहारनपुर निवासी एक युवक से निकाह कर लिया, लेकिन इसके बाद भी वह सत्यम के संपर्क में रही। पुलिस के अनुसार, बाद में मालिया का विवाह टूट गया।
वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून आ गया। फरवरी 2026 में उसने दूसरी युवती से सगाई कर ली। इसके बाद उसने मालिया से बातचीत बंद कर उसे सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया। पुलिस का कहना है कि इसी बात से नाराज होकर मालिया ने सत्यम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, मालिया ने मोहित के जरिए अंकित से संपर्क किया और पांच लाख रुपये में हत्या का सौदा तय किया। अंकित को 1.20 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। मालिया ने उसे सत्यम की फोटो और उसके बैंक कार्यालय से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई थी।
मालिया और मोहित गिरफ्तार, अंकुर की तलाश
पुलिस ने मालिया रहमान और मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि अंकित के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखे और घटना में इस्तेमाल बिना नंबर की बाइक बरामद की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.