दिल्ली पुलिस ने स्मैक तस्करों का किया पर्दाफाश, 311 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद

दिल्ली। राजधानी में नशे की तस्करी पर कड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 311.61 ग्राम स्मैक बरामद किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे सिंडिकेट का खुलासा करने में जुटी हुई है।
बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी के अनुसार, 30 मार्च को नरेला औद्योगिक क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस ने सेक्टर-5 बवाना के पास स्कूटी सवार दो लोगों को पकड़ लिया। वे जेजे कॉलोनी बवाना की ओर जा रहे थे। पूछताछ में वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो मोहम्मद रियाज के पास 264.42 ग्राम स्मैक, मोबाइल और 3,500 रुपये बरामद हुए, जबकि रियाज आलम के कब्जे से 18.73 ग्राम स्मैक और मोबाइल फोन मिला। दोनों आरोपी जेजे कॉलोनी में स्मैक सप्लाई करने आए थे।
इसी बीच देशबंधु गुप्ता रोड थाना पुलिस ने भी स्मैक तस्करी में शामिल दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 28.46 ग्राम स्मैक, वज़न मशीन और नकदी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इमरान और आशीष उर्फ चंगू के रूप में हुई।
मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि 31 मार्च को किशनगंज लोको रेलवे कॉलोनी में गश्त के दौरान आशीष को लोगों के बीच संदिग्ध रूप से देखा गया और पकड़ा गया। उसके पास से 12.34 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि यह स्मैक स्थानीय सप्लायर मोहम्मद इमरान से खरीदी गई थी।
पुलिस ने आशीष के घर दबिश दी और मोहम्मद इमरान को गिरफ्तार कर उसके पास से 16.12 ग्राम स्मैक जब्त किया। जांच में यह भी पता चला कि आशीष इमरान से स्मैक खरीदकर रेलवे लाइन के पास बेचता था। गौरतलब है कि आशीष पर पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.