मुजफ्फरनगर में महिला से कुंडल लूट का खुलासा, मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- बाइक सवार बदमाश महिला के कान से कुंडल छीनकर फरार हो गया था।
- आरोपी की तलाश के लिए सिविल लाइन पुलिस और SOG की टीमें लगाई गई थीं।
- पुलिस टीम एक अक्टूबर की रात रुड़की रोड पर चेकिंग कर रही थी।
मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन क्षेत्र में महिला के कान से कुंडल लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 7 सितंबर को बाइक सवार बदमाश महिला का कुंडल छीनकर फरार हो गया था। घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस और SOG की टीमों को लगाया गया था।
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी परवेज पुत्र असलम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, एक अक्टूबर की देर रात करीब 11:30 बजे पुलिस टीम रुड़की रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और बाइक मोड़कर तेज रफ्तार में भागने लगा।
पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर तेज गति के कारण बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद आरोपी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस के मुताबिक, जंगल से भी आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की।
पुलिस ने उसे फायरिंग बंद कर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने गोली चलाना जारी रखा। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें परवेज घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से महिला से लूटा गया एक कुंडल, वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक और 315 बोर का तमंचा बरामद किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने एक जिंदा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.