एपस्टीन फाइल्स मामला: ब्रिटेन के राजा के भाई माउंटबेटन को पुलिस ने किया गिरफ्तार

लंदन: एपस्टीन विवाद के बाद ब्रिटेन के रॉयल परिवार में यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। किंग चार्ल्स III के छोटे भाई, पूर्व प्रिंस एंड्र्यू माउंटबेटन को ब्रिटेन की विशेष पुलिस ने गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी गुरुवार को पूर्वी इंग्लैंड के सैंड्रिंघम एस्टेट स्थित वुड फार्म में हुई, जहां पुलिस ने सादे कपड़ों में आठ जवानों के साथ ऑपरेशन किया। इस दिन ही एंड्र्यू 66 साल के हुए।
गिरफ्तारी का कारण
एंड्र्यू पर आरोप है कि उन्होंने यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन को सरकारी दस्तावेज उपलब्ध कराए थे। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कौन-कौन से गोपनीय दस्तावेज एपस्टीन को दिए गए। एंड्र्यू ने लंबे समय तक इन आरोपों को खारिज किया है। इन विवादों के चलते उन्होंने अक्टूबर 2025 में ड्यूक ऑफ यॉर्क का टाइटल छोड़ने की घोषणा की थी।
पुलिस का बयान
थेम्स वैली पुलिस ने बताया कि 66 साल के एक शख्स को नॉरफॉक में गिरफ्तार किया गया है। उस पर सार्वजनिक पद के दुरुपयोग का शक है। बर्कशायर और नॉरफॉक में तलाशी अभियान भी चलाया गया। गिरफ्तार व्यक्ति फिलहाल हिरासत में है और नाम सार्वजनिक नहीं किया गया। पुलिस ने मीडिया और जनता से अपील की है कि मामले पर रिपोर्ट करते समय अदालत की अवमानना से बचें।
कौन हैं एंड्र्यू माउंटबेटन?
एंड्र्यू, स्वर्गीय क्वीन एलिजाबेथ-II और प्रिंस फिलिप के तीसरे पुत्र हैं। ब्रिटिश सिंहासन में उनका स्थान आठवां है। वे किंग चार्ल्स III और प्रिंसेस एनी के छोटे भाई हैं। उनकी शादी सारा फर्गुसन से हुई थी, जिनके साथ उनके दो बच्चे हैं—प्रिंसेस बीट्रिस और प्रिंसेस यूजिनी।
एंड्र्यू ने 22 साल रॉयल नेवी में सेवा की और 1982 के फॉल्कलैंड युद्ध में हेलिकॉप्टर पायलट के रूप में कार्य किया। 2001 में कमांडर रैंक से रिटायर हुए, बाद में 2010 में रीयर एडमिरल और 2015 में वाइस एडमिरल की मानद पदोन्नति मिली। उन्होंने डिप्लोमैटिक और ट्रेड निवेश संबंधी कार्यों में भी शाही परिवार का प्रतिनिधित्व किया।
एपस्टीन केस में आरोप
एंड्र्यू का नाम एपस्टीन सेक्स स्कैंडल में आया। अमेरिका में फाइल किए गए सिविल केस में वर्जिनिया गिफ्रे नाम की युवती ने दावा किया कि एपस्टीन ने 16 साल की उम्र से उसका शोषण किया। गिफ्रे का आरोप है कि एपस्टीन उसे प्रिंस एंड्र्यू समेत प्रभावशाली लोगों तक ले जाता था।
वर्जिनिया ने कहा कि तीन बार नाबालिग होने के दौरान एंड्र्यू ने उसका यौन शोषण किया। हालांकि एंड्र्यू ने इन आरोपों से लगातार इनकार किया है और दावा किया कि वे कभी गिफ्रे से नहीं मिले। दोनों की एक तस्वीर 2011 में सार्वजनिक हुई थी। बाद में 15 फरवरी 2022 को कोर्ट से बाहर 12 मिलियन यूरो पर समझौता भी किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.