फरीदाबाद में 11वीं की छात्रा ने स्कूल की छत से कूदकर दी जान, परिजनों का आरोप- शिक्षक ने चार घंटे तक खड़ा रखा

HIGHLIGHTS
- परिजनों के अनुसार, बिरयानी खाने के लिए बिना बताए जाने पर उसे सजा दी गई थी।
- आरोप है कि छात्रा को करीब चार घंटे तक स्कूल में खड़ा रखा गया।
- घटना के बाद जानवी को बीके नागरिक अस्पताल ले जाया गया था।
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गाजीपुर रोड स्थित नवोदय विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा जानवी ने स्कूल की छत से कूदकर अपनी जान दे दी। परिजनों ने स्कूल प्रशासन और शिक्षक पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
छोटी सी गलती पर चार घंटे खड़ा रखने का आरोप
मृतका जानवी के माता-पिता के अनुसार, वह बिना बताए बिरयानी खाने के लिए चली गई थी। जब इसकी जानकारी स्कूल के शिक्षक को हुई तो उन्होंने उसे सजा के तौर पर करीब चार घंटे तक स्कूल में खड़ा रखा।
परिजनों का कहना है कि इतने लंबे समय तक सबके सामने खड़े रहने की सजा से जानवी मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी।
अपमान से आहत होने का परिजनों का दावा
परिजनों के मुताबिक, जानवी ने इस सजा को गहरे अपमान के रूप में लिया और वह सदमे में थी। उनका आरोप है कि इसी मानसिक दबाव और ग्लानि के चलते उसने स्कूल की छत पर जाकर छलांग लगा दी।
अस्पताल में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद जानवी को आनन-फानन में फरीदाबाद के बीके नागरिक अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी। इमरजेंसी वार्ड के बाहर मृतका की मां के विलाप से माहौल बेहद गमगीन हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने फिलहाल मामले में जल्दबाजी में कोई बयान देने से इनकार किया है। अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस स्कूल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही साथी छात्रों और शिक्षकों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.