मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू गिरफ्तार, झांसी से पुलिस ने दबोचा; जेल में मनेगी दिवाली

HIGHLIGHTS
- कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू गिरफ्तार।
- पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी से साहू को पकड़ा।
- रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को पति के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद अब साहू की दिवाली जेल में ही मनने वाली है। देहरादून पुलिस आज दोपहर इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी, जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। साहू के खिलाफ उत्तर प्रदेश के बरेली और उत्तराखंड में करीब 50 मुकदमे दर्ज हैं। वह इससे पहले भी कई बार जेल जा चुका है।
मंत्री रेखा आर्या ने पति के खिलाफ दर्ज कराई थी FIR
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बीते 15 अक्टूबर को अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि साहू पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसने विवाह के समय इस बात को छिपाया था। इसके अलावा, वह लगातार मंत्री रेखा आर्या को प्रताड़ित भी कर रहा था।
मंत्री ने यह भी आरोप लगाया था कि गिरधारी लाल साहू ने धोखाधड़ी करके उन्हें अपनी कंपनियों से बाहर कर दिया। इसके लिए उनके जाली हस्ताक्षर किए गए थे।
जांच के लिए गठित की गई थी SIT
मामले की जांच के लिए एसपी देहात जया बलोनी की अध्यक्षता में विशेष जांच टीम (SIT) बनाई गई थी। जांच के दौरान एसआईटी ने गिरधारी लाल साहू के कई करीबियों से पूछताछ की। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की गई।
इस दौरान पता चला कि साहू के खिलाफ बरेली समेत उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों और उत्तराखंड में करीब 50 मुकदमे दर्ज हैं।
कई ठिकानों पर दबिश के बाद झांसी से हुई गिरफ्तारी
गिरधारी लाल साहू की तलाश में एसआईटी ने कई दिनों तक उसके दर्जनों संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच उसके नेपाल भाग जाने की खबरें भी सामने आई थीं। इसके बाद पुलिस ने नेपाल की संबंधित एजेंसियों से भी संपर्क किया।
अब सामने आई जानकारी के अनुसार, पुलिस ने गिरधारी लाल साहू को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। देहरादून पुलिस आज दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी और मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं का खुलासा करेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.