17 सितंबर को GIC मैदान में 12 घंटे चलेगी किसान महापंचायत, राकेश टिकैत ने किसानों से की खास अपील

HIGHLIGHTS
- बैठक महावीर चौक स्थित भाकियू जिला कार्यालय पर हुई
- जिलाध्यक्ष नवीन राठी के नेतृत्व में आयोजित हुई समीक्षा बैठक
- 17 सितंबर की शाम 6 बजे से शुरू होगा आयोजन
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की मासिक समीक्षा बैठक रविवार को महावीर चौक स्थित जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष चौधरी नवीन राठी के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में 17 सितंबर को GIC मैदान में होने वाली किसान महापंचायत की तैयारियों पर चर्चा की गई। राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आयोजन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बैठक दोपहर करीब 12 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक चली।
राकेश टिकैत ने बताया कि इस बार किसान महापंचायत सामान्य पंचायतों से अलग होगी। 17 सितंबर की शाम 6 बजे शुरू होने वाला आयोजन अगले दिन सुबह 6 बजे तक चलेगा। यानी किसान रातभर GIC मैदान में मौजूद रहेंगे।
टिकैत ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहली बार इतने बड़े स्तर पर रातभर चलने वाली किसान पंचायत का आयोजन किया जा रहा है। महापंचायत में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समस्याओं पर चर्चा होगी।
भंडारा नहीं होगा, घर से खाना लेकर आने की अपील
महापंचायत की व्यवस्थाओं को लेकर टिकैत ने किसानों और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस बार आयोजन स्थल पर भंडारे की व्यवस्था नहीं की जाएगी। किसानों से घर से खाना तैयार करके साथ लाने की अपील की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक किसान करीब 10 रोटी, सब्जी अथवा पूरी-चूरमा और पानी की बोतल साथ लेकर ट्रैक्टर से महापंचायत स्थल पहुंचे। इससे भोजन की व्यवस्था के लिए अतिरिक्त इंतजाम की जरूरत कम होगी और किसान अपने स्तर पर भोजन कर सकेंगे।
रातभर होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
महापंचायत के दौरान किसानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के साथ रातभर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। टिकैत के अनुसार, हरियाणवी और पंजाबी कलाकार गीतों तथा अन्य रंगारंग प्रस्तुतियों के जरिए किसानों का मनोरंजन करेंगे।
उन्होंने बताया कि दक्षिण भारत के तमिलनाडु जैसे क्षेत्रों में रात के समय किसान पंचायत आयोजित होने के उदाहरण हैं, लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहली बार इतने बड़े स्तर पर रातभर चलने वाली किसान महापंचायत होगी।
मीरापुर चेयरमैन जमील अहमद समर्थकों के साथ भाकियू में शामिल
बैठक के दौरान मीरापुर के मौजूदा चेयरमैन जमील अहमद ने हजारों समर्थकों के साथ भारतीय किसान यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने उन्हें संगठन में शामिल कराया।
इसके अलावा मनीष प्रधान सिमरती को पुरकाजी ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। संगठन ने इसे क्षेत्र में अपनी सक्रियता और विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
सभी ब्लॉक और तहसील पदाधिकारियों को जिम्मेदारी
बैठक में 17 सितंबर की महापंचायत को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। सभी ब्लॉक और तहसील पदाधिकारियों से अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव ओमपाल मलिक, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक घटायन, प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येंद्र प्रधान, युवा जिलाध्यक्ष गुलबहार राव, जिला मीडिया प्रभारी एवं बैठक संचालक हेमेंद्र कुमार, किसान दिवस प्रभारी गुलशन चौधरी, एनसीआर उपाध्यक्ष श्यामलाल चेयरमैन, एनसीआर महामंत्री सचिन चौधरी और मंडल उपाध्यक्ष प्रमोद अहलावत समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा सुमित चौधरी, अनुज राठी, संजय त्यागी, रमेश मलिक, मनीष प्रधान, सुधीर सहरावत, सत्येंद्र चौहान, जितेंद्र बालियान, सभी ब्लॉक अध्यक्ष, तहसील अध्यक्ष देव अहलावत, ललित त्यागी और संजीव पंवार सहित जिले की पूरी टीम बैठक में शामिल रही।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.