खतौली: रंगदारी और धमकी के मामले में विनय जैन उर्फ किक्की गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मामला 29 अगस्त को रवि ग्रोवर की तहरीर पर दर्ज हुआ था
- विनय जैन और उसके बेटे अद्भुत जैन पर आरोप लगाए गए
- जान से मारने और हाथ-पैर तोड़कर भीख मंगवाने की धमकी का आरोप
खतौली। खतौली पुलिस ने रंगदारी मांगने और धमकी देने के मामले में नामजद आरोपी विनय जैन उर्फ किक्की को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से पकड़ा और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में 29 अगस्त को अशोका मार्केट निवासी रवि ग्रोवर ने तहरीर दी थी। ग्रोवर ने आरोप लगाया था कि विनय जैन उर्फ किक्की और उसके बेटे अद्भुत जैन ने उसे जान से मारने और हाथ-पैर तोड़कर भीख मंगवाने की धमकी दी।
आरोप है कि आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों में पेटीएम के जरिए 1,10,100 रुपये और नकद 50 हजार तथा 65 हजार रुपये की रंगदारी वसूली। इसके अलावा 15 अगस्त 2026 को परिवार को जान से मारने की धमकी देकर 2.50 लाख रुपये की अतिरिक्त रंगदारी मांगने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले में थाना खतौली में मुकदमा दर्ज कर इसकी विवेचना उपनिरीक्षक मनीष कुमार को सौंपी गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी विनय जैन उर्फ किक्की पुत्र विनोद जैन निवासी मोहल्ला मिट्ठूलाल, खतौली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विनय जैन के खिलाफ खतौली थाने में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनीष कुमार, प्रवीन कुमार और धीरेन्द्र कुमार शामिल रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.