दिलजीत दोसांझ के शो के लिए दिल्ली में 30 अक्तूबर को देर रात तक मिलेगी मेट्रो, DMRC ने बढ़ाया परिचालन समय

HIGHLIGHTS
- 30 अक्तूबर को कॉन्सर्ट के मद्देनजर मेट्रो सेवाओं का समय बढ़ाया जाएगा।
- एयरपोर्ट एक्सप्रेस और रैपिड मेट्रो को छोड़कर सभी लाइनों पर मिलेगी सुविधा।
- कार्यक्रम में करीब 70 हजार दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।
पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने वाले फरीदाबाद के लोगों को वापसी के लिए भी मेट्रो की सुविधा मिलेगी। 30 अक्तूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने मेट्रो सेवाओं को रात 12 बजे तक जारी रखने का निर्णय लिया है। इससे कॉन्सर्ट समाप्त होने के बाद फरीदाबाद लौटने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
डीएमआरसी के मुताबिक, कार्यक्रम में करीब 70 हजार दर्शकों के आने की उम्मीद है। इसे ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और गुरुग्राम की रैपिड मेट्रो को छोड़कर दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर सेवाओं का समय बढ़ाया जाएगा। यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त मेट्रो ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं।
वायलेट लाइन से स्टेडियम पहुंचना होगा आसान
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम मेट्रो स्टेशन वायलेट लाइन पर स्थित है। यह लाइन फरीदाबाद के राजा नाहर सिंह स्टेशन को दिल्ली के कश्मीरी गेट से जोड़ती है। ऐसे में फरीदाबाद से कॉन्सर्ट में जाने वाले लोग मेट्रो के जरिए आसानी से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकेंगे।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीएमआरसी ने जेएलएन स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर अतिरिक्त कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की व्यवस्था की है। इसके साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा जांच के इंतजाम भी बढ़ाए जाएंगे।
डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि कॉन्सर्ट में आने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए मेट्रो सेवाओं का संचालन निर्धारित समय से आगे तक किया जाएगा। इसके अलावा यात्रियों की जरूरत के अनुसार अतिरिक्त फेरे चलाने की व्यवस्था भी की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.