चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर, दिल्ली-NCR में बदला मौसम; गरज-चमक के साथ होगी बारिश

HIGHLIGHTS
- गुरुवार तड़के हुई बूंदाबांदी के बाद दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज बदल गया।
- मौसम विभाग ने सुबह और दोपहर से पहले बारिश के कई दौर आने की संभावना जताई है।
- कुछ इलाकों में बिजली कड़कने और ओलावृष्टि की आशंका भी है।
दिल्ली-एनसीआर में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का प्रभाव दिखाई देने लगा है। उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के संपर्क में आने से मौसम में अचानक बदलाव आया है। गुरुवार तड़के हुई बूंदाबांदी से मौसम का मिजाज बदल गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, आज सुबह और दोपहर से पहले हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग की एडवाइजरी जारी
मौसम विभाग ने दिल्ली और एनसीआर में अगले दो दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में भी कमी आने के आसार हैं।
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ से बदलेगा मौसम
आईएमडी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ और उत्तर भारत में मौजूद पश्चिमी विक्षोभ मौसम में बदलाव की प्रमुख वजह हैं। इनके प्रभाव से अगले दो दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम की स्थिति में तेजी से परिवर्तन हो सकता है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। बारिश और तेज हवाओं के संयुक्त असर से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
29 अक्टूबर को कैसा रहेगा दिल्ली-NCR का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 29 अक्टूबर की सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश के कई दौर देखने को मिल सकते हैं। कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने के साथ बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इस दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री कम रहने का अनुमान है। इसके चलते दिन के समय भी मौसम ठंडा महसूस हो सकता है।
30 अक्टूबर को भी बारिश और तेज हवाओं के आसार
शुक्रवार, 30 अक्टूबर को भी मौसम में बदलाव का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। आसमान में आंशिक से लेकर आमतौर पर बादल छाए रह सकते हैं। सुबह से दोपहर बाद तक हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक था। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। इसके चलते दिल्ली और आसपास के इलाकों में लोगों को ठंड का ज्यादा अहसास हो सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.