अंडर-19 एशिया कप जीतकर गृह जनपद पहुंचे कप्तान लक्ष्य रायचंदानी, भाजपा-सपा नेताओं ने किया सम्मानित

HIGHLIGHTS
- पाकिस्तान को हराकर भारतीय टीम ने अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीता।
- टीम के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी अपने गृह जनपद गोंडा पहुंचे।
- गुड्डूमल चौराहे के पास स्थित उनके आवास पर स्वागत और सम्मान किया गया।
गोंडा। पाकिस्तान को हराकर अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम करने वाली भारतीय टीम के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के गृह जनपद पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। शहर के गुड्डूमल चौराहे के पास स्थित उनके आवास पर भाजपा और सपा के नेताओं ने पहुंचकर मिठाई खिलाई और सम्मानित करते हुए जीत की बधाई दी। इससे पहले लखनऊ एयरपोर्ट पर भाजपा नेता शुभम अवस्थी ने लक्ष्य के माता-पिता राजेश रायचंदानी और लक्ष्मी रायचंदानी के साथ उनका स्वागत किया।
भाजपा के तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय और गौरा विधायक प्रभात वर्मा लक्ष्य के घर पहुंचे। दोनों विधायकों ने उन्हें और उनके बाबा व पूर्व विधायक तुलसीदास रायचंदानी को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। भाजपा नेता नीरज मौर्य, शेष चौरसिया और सचिन वाल्मीकि ने भी लक्ष्य को मिठाई खिलाकर इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की।
वहीं, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन ने लक्ष्य के पैतृक आवास पहुंचकर उन्हें और उनके पिता राजेश रायचंदानी को अंगवस्त्र भेंट किया और सम्मानित किया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ ही पार्टी की ओर से भी लक्ष्य को बधाई दी गई। इस मौके पर जिला प्रवक्ता जावेद मंटू, सोमनाथ तिवारी, नंदकुमार आनंद, कर्ताराम यादव और सरदार बिक्की सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.