गौतमबुद्धनगर में हीटवेव का अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने भीषण गर्मी और संभावित हीटवेव को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने लोगों के लिए विस्तृत एडवाइजरी भी जारी की है और अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की अपील की है।
प्रशासन के अनुसार आने वाले दिनों में लू चलने की संभावना है, जबकि तापमान पहले ही 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। ऐसे में नागरिकों से केवल आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने और पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने खासतौर पर दोपहर 12 बजे से 3:30 बजे के बीच बाहर न निकलने की अपील की है, क्योंकि इस दौरान लू का प्रभाव सबसे अधिक रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 25 अप्रैल तक हीटवेव जारी रहने की चेतावनी दी है।
अधिकारियों का कहना है कि गर्म हवाओं के इस दौर में शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। बाहर निकलते समय छाता, टोपी, गमछा और पर्याप्त पानी साथ रखने की सलाह दी गई है। साथ ही हल्के, सूती और ढीले कपड़े पहनने पर जोर दिया गया है।
प्रशासन ने यह भी कहा है कि यदि किसी को चक्कर, सिर दर्द, उल्टी, कमजोरी, पसीना न आना या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत छांव में जाकर आराम करें और चिकित्सक से संपर्क करें।
बचाव के लिए क्या करें
- घर से निकलते समय छाता, टोपी, गमछा और पानी साथ रखें
- हल्के रंग के सूती और ढीले कपड़े पहनें
- तरल पदार्थ जैसे नींबू पानी, छाछ, लस्सी, गन्ने का रस आदि का सेवन करें
- मौसमी फल जैसे तरबूज, खीरा, ककड़ी का उपयोग बढ़ाएं
- आवश्यकता पड़ने पर छांव में आराम करें और शरीर को ठंडा रखें
क्या न करें
- दोपहर 12 से 3:30 बजे के बीच अनावश्यक बाहर न निकलें
- भारी, गहरे रंग और सिंथेटिक कपड़े पहनने से बचें
- अधिक मसालेदार और तैलीय भोजन न करें
- चाय, कॉफी और शराब का सेवन सीमित रखें
- बिना डॉक्टर की सलाह दवाओं का सेवन न करें
- बच्चों और पालतू जानवरों को बंद गाड़ी में अकेला न छोड़ें
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.