गाजियाबाद में भारी बारिश और वज्रपात का खतरा, 6 सितंबर तक येलो अलर्ट जारी

HIGHLIGHTS
- 5 सितंबर से मौसम खराब होने की संभावना जताई गई है।
- अपर जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की।
- जर्जर इमारतों और कच्ची दीवारों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
गाजियाबाद। मौसम विभाग ने जिले में 5 सितंबर से भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका जताई है। इसे देखते हुए 6 सितंबर तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।
संभावित खराब मौसम को ध्यान में रखते हुए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अंजनी कुमार सिंह ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह
प्रशासन ने लोगों से कहा है कि भारी बारिश और वज्रपात के दौरान बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। पुराने और जर्जर भवनों तथा कच्ची दीवारों से दूरी बनाए रखें। बिजली के खंभों और तारों के नीचे या उनके आसपास खड़े होने से भी बचने की सलाह दी गई है।
वज्रपात के समय पेड़ों के नीचे खड़े होकर शरण नहीं लेने की अपील की गई है। इसके अलावा धातु की डंडी वाले छाते का इस्तेमाल न करने और टीन शेड आदि को अच्छी तरह मजबूत करके रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के दौरान गैर जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। किसानों से भी खराब मौसम में खेतों पर न जाने को कहा गया है। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों को घर के अंदर रखने की अपील की गई है।
मौसम की जानकारी के लिए सचेत ऐप डाउनलोड करने की अपील
प्रशासन ने मौसम से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए सचेत ऐप डाउनलोड करने की अपील की है। चिकित्सीय सहायता की जरूरत होने पर 108 और 102 टोल फ्री नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
लोगों से अपने आसपास पानी जमा न होने देने और मौसम से संबंधित सूचनाओं पर लगातार नजर रखने की भी अपील की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.