गोरखपुर: सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं, मदद का दिया भरोसा

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लगभग 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंदों को आवास दिलाने, गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग देने और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पात्र व्यक्ति को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने और जन समस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
आवास, विवाह और इलाज में मिलेगी सहायता
कार्यक्रम के दौरान एक वृद्ध महिला ने आवास की समस्या बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल आवास योजना के तहत मदद दिलाने के निर्देश दिए। एक अन्य महिला ने बेटी की शादी के लिए आर्थिक सहयोग की मांग की, जिस पर सीएम ने विवाह अनुदान योजना के तहत सहायता प्रदान करने को कहा। बिजली कनेक्शन में आ रही दिक्कत की शिकायत पर भी उन्होंने मौके पर समाधान के निर्देश दिए।
किसी का इलाज धन के अभाव में नहीं रुकेगा
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों ने इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई। सीएम योगी ने भरोसा दिलाया कि धन की कमी किसी के इलाज में बाधा नहीं बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जरूरतमंद मरीजों के उपचार का इस्टीमेट शीघ्र तैयार कर सरकार को भेजा जाए ताकि सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जा सके।
जमीन कब्जा मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश
जमीन कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी दबंग द्वारा की जा रही अवैध कब्जेदारी पर तुरंत कठोर कार्रवाई की जाए।
बच्चों से की मुलाकात, दिया आशीर्वाद
कार्यक्रम में परिजनों के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से मुलाकात की, उन्हें आशीर्वाद दिया और चॉकलेट भी बांटी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.