ग्रेन चैंबर स्कूल में AI पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

मुजफ्फरनगर। ग्रेन चैंबर पब्लिक स्कूल में शनिवार को 24वीं श्रीमती कुसुम कुमारी अग्रवाल स्मृति वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सुभाष चंद्र शर्मा (भूतपूर्व अध्यक्ष, आयुर्वेदिक एवं यूनानी तिब्बी चिकित्सा पद्धति बोर्ड, उत्तर प्रदेश एवं नगर पालिका मुजफ्फरनगर) उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि का स्वागत विद्यालय अध्यक्ष मिलिंद अग्रवाल, उपाध्यक्ष महेश कुमार, प्रबंधक विनोद संगल, सह-प्रबंधक डॉ. अशोक कुमार, कोषाध्यक्ष नवीन कुमार, डायरेक्टर डॉ. एम.के. गुप्ता, प्रधानाचार्य आजाद वीर, कोऑर्डिनेटर आशीष कुमार त्यागी और जूनियर विंग हेड मिस्ट्रेस ममता चौहान ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की आराधना से हुई। तत्पश्चात डॉ. शर्मा, अंकुर अग्रवाल और हिमांशु शर्मा ने श्रीमती कुसुम कुमारी अग्रवाल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में ऋतु जैन ने उनके जीवन परिचय और योगदान पर प्रकाश डाला।
वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय “Artificial Intelligence is a Threat to Society” रखा गया। इसमें जिले के 12 स्कूलों से आए 24 प्रतिभागियों ने पक्ष और विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल के सदस्य अंकुर अग्रवाल और हिमांशु शर्मा (एस.डी. कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, मुजफ्फरनगर) ने संयुक्त रूप से विजेताओं की घोषणा की।
मुख्य अतिथियों ने प्रतिभागियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में और मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने (AI) के सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं पर भी प्रकाश डाला और कहा कि यह तकनीक जीवन को आसान और कुशल बनाने में मदद करती है, लेकिन इसका दुरुपयोग समाज के लिए हानिकारक साबित हो सकता है।
प्रतियोगिता में एस.डी. पब्लिक स्कूल की सानवी जैन ने प्रथम, होली एंजिल्स कान्वेंट स्कूल की अगम्य जैन ने द्वितीय और देहरादून पब्लिक स्कूल की लायबा खान ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। रनिंग ट्रॉफी पर एस.डी. पब्लिक स्कूल की टीम का कब्जा रहा।
समापन अवसर पर विद्यालय अध्यक्ष मिलिंद अग्रवाल, डायरेक्टर डॉ. एम.के. गुप्ता और प्रधानाचार्य आजाद वीर ने मुख्य अतिथि, प्रतिभागियों, शिक्षकों और सहयोगियों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम का संचालन ऋतु जैन ने किया और अंत में राष्ट्रगान के साथ इसे सफलतापूर्वक समाप्त किया गया।
विद्यालय ने इस आयोजन को सफल बनाने में सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, मीडिया और सुरक्षा स्टाफ का योगदान सराहा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.